राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ संपन्न

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला प्रतिनिधि KCG
53,344 बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की अतिरिक्त खुराक, 213 बूथों पर चलाया गया अभियान
खैरागढ़ // राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ रविवार को सिविल अस्पताल खैरागढ़ में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विधायक यशोदा नीलाम्बर वर्मा, जनपद अध्यक्ष डॉ. राजेश्री त्रिपाठी, जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के उपाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि भागवत शरण सिंह, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
अतिथियों ने बच्चों को पोलियो वैक्सीन की अतिरिक्त खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया तथा जिले के सभी अभिभावकों से 0 से 5 वर्ष आयु के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाने की अपील की।
जिले में 53 हजार 344 बच्चों को पोलियो वैक्सीन की अतिरिक्त खुराक देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के प्रथम चरण में जिले के सभी ग्रामों एवं चिन्हांकित शहरी वार्डों में स्थापित 213 पोलियो बूथों के माध्यम से बच्चों को खुराक पिलाई गई। प्रत्येक बूथ का शुभारंभ स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया गया।
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक पात्र बच्चे तक वैक्सीन की अतिरिक्त खुराक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से स्वास्थ्य विभाग के अभियान में सहयोग करने का आग्रह किया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा ने बताया कि अभियान के सफल संचालन हेतु जिले में 213 बूथ, 427 टीकाकरण दल, 854 दल सदस्य तथा 43 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि जो बच्चे किसी कारणवश बूथों तक नहीं पहुंच पाएंगे, उन्हें 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पोलियो की अतिरिक्त खुराक पिलाएंगी।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बोधन सिंह परते ने कहा कि भारत पोलियो मुक्त है, लेकिन विश्व के कुछ देशों में अभी भी पोलियो वायरस मौजूद है। इसलिए प्रत्येक अभियान में सभी बच्चों को पोलियो की अतिरिक्त खुराक दिलाना जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को हर बार पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं, ताकि पोलियो पर देश की जीत बरकरार रहे।
कार्यक्रम में डॉ. विवेक बिसेन, डॉ. पंकज वैष्णव, डीडीएम खिलेश साहू, डीएएम नवीन चौहान, जिला आरएमएनसीएच+ए कंसल्टेंट कीर्ति चतुर्बिदानी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित


