डीएमएफ से 4.13 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल सुविधाएं होंगी मजबूत
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रयासों से रायगढ़ में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार
रायपुर, 8 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व तथा वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के विशेष प्रयासों से रायगढ़ जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास और पेयजल जैसी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) द्वारा 4 करोड़ 13 लाख 82 हजार 400 रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से खनन प्रभावित एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जनसुविधाओं का विस्तार होगा और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए धरमजयगढ़ क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घरघोड़ा के निर्माण एवं उन्नयन कार्य हेतु 2 करोड़ 80 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस परियोजना के पूर्ण होने पर क्षेत्रवासियों को स्थानीय स्तर पर आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पांच पेयजल परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई है। ग्राम गोरपार एवं नंदगांव में 25 केएल सम्पवेल आधारित पेयजल व्यवस्था के लिए 6.47 लाख रुपये, ग्राम शहपुर में नलकूप खनन, रॉ-वॉटर पंप और पाइपलाइन विस्तार के लिए 9.94 लाख रुपये, ग्राम नवापारा के लिए 5.32 लाख रुपये तथा ग्राम पुसल्दा के लिए 8.45 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन योजनाओं से संबंधित गांवों में नियमित एवं सुरक्षित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
युवाओं को बेहतर तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए धरमजयगढ़ स्थित शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) भवन के जीर्णोद्धार हेतु 82.86 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इससे संस्थान की आधारभूत संरचना मजबूत होगी और प्रशिक्षण की गुणवत्ता में सुधार आएगा।
शिक्षा के क्षेत्र में ग्राम पंचायत साम्हारसिंघा में नवीन प्राथमिक शाला भवन निर्माण के लिए 14.30 लाख रुपये की प्रशासकीय मंजूरी दी गई है। नए भवन के निर्माण से विद्यार्थियों को सुरक्षित, सुविधायुक्त और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।
स्वीकृत परियोजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को सौंपी गई है। स्वास्थ्य संबंधी कार्य छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन (सीजीएमएससी), पेयजल योजनाएं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, आईटीआई भवन का जीर्णोद्धार छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड तथा प्राथमिक शाला भवन का निर्माण जनपद पंचायत धरमजयगढ़ के माध्यम से कराया जाएगा।
डीएमएफ से स्वीकृत इन विकास कार्यों के पूरा होने से रायगढ़ जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास और पेयजल सुविधाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी। इससे आम नागरिकों को बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध होने के साथ जिले के समग्र एवं संतुलित विकास को नई गति मिलेगी।


