मुख्य सचिव ने सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान की तैयारियों की समीक्षा की

23 जिलों में शुरू होगा अभियान, 31 जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाने की तैयारी
रायपुर, 23 जून 2026। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान शीघ्र ही प्रारंभ किया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से शासन की 31 जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान का प्रारंभ रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और सरगुजा संभाग के कुल 23 जिलों में किया जाएगा।
मुख्य सचिव श्री विकासशील ने आज मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित बैठक में अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की तथा अधिकारियों से विभिन्न स्तरों पर की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से अभियान की रूपरेखा एवं क्रियान्वयन संबंधी तैयारियों से अवगत कराया।
उल्लेखनीय है कि सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान राज्य शासन की नई पहल है, जिसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचे और कोई भी हितग्राही वंचित न रहे। इसके लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
बैठक में आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव श्री अंकित आनंद, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव श्री भीम सिंह सहित पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
राज्य शासन का मानना है कि इस अभियान के माध्यम से विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध और समग्र रूप से लाभ पहुंचाना संभव होगा, जिससे समावेशी विकास को और अधिक गति मिलेगी।


