G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

‘दीदी के गोठ’ का पहला वार्षिकोत्सव 9 जुलाई को, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे मुख्य अतिथि

रायपुर, 7 जुलाई 2026। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘दीदी के गोठ’ की एक वर्ष की सफल यात्रा पूर्ण होने पर ‘दीदी के गोठ वार्षिकोत्सव–2026’ एवं संकुल स्तरीय संगठन सम्मेलन का आयोजन 9 जुलाई 2026 को पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में किया जाएगा।

कार्यक्रम में विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि अध्यक्षता विजय शर्मा करेंगे। समारोह में जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं तथा विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं के संघर्ष, नेतृत्व, आत्मनिर्भरता और आजीविका से जुड़ी प्रेरक कहानियों को मंच प्रदान करना तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान करना है। पिछले एक वर्ष में ‘दीदी के गोठ’ ने महिला स्व-सहायता समूहों को सशक्त बनाने, वित्तीय साक्षरता बढ़ाने और सामाजिक-आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

गौरतलब है कि ‘दीदी के गोठ’ का पहला एपिसोड अगस्त 2025 में ‘लखपति दीदी’ विषय पर प्रसारित हुआ था। इसके बाद प्रत्येक माह के दूसरे गुरुवार को ड्रोन दीदी, एफपीसी, जेंडर, वित्तीय जागरूकता, साइबर सुरक्षा, सरस मेला और ‘छत्तीसकला’ ब्रांड जैसे विषयों पर स्व-सहायता समूहों की महिलाओं की सफलता की कहानियां साझा की जाती रही हैं। कार्यक्रम की एक वर्ष की विशेष यात्रा का प्रसारण भी 9 जुलाई को किया जाएगा।

वार्षिकोत्सव में वर्षभर की उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण, ‘दीदी के गोठ’ से जुड़ी महिलाओं का सम्मान तथा भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा भी होगी। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन–बिहान ने सभी नागरिकों, स्व-सहायता समूहों तथा इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया से कार्यक्रम में सहभागिता कर इसे सफल बनाने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page