राम वाटिका में मुख्यमंत्री ने लगाया रुद्राक्ष का पौधा’एक पेड़ माँ के नाम 3.0′ अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश


रायपुर, 30 जून। विष्णु देव साय ने सरगुजा प्रवास के दौरान उदयपुर विकासखंड स्थित रामगढ़ के फॉरेस्ट रेस्ट हाउस राम वाटिका में भगवान श्रीराम की प्रतिमा के दर्शन कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने ‘एक पेड़ माँ के नाम 3.0’ अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा लगाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मां के नाम पर लगाया गया एक पौधा मातृशक्ति के सम्मान और प्रकृति संरक्षण का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित भविष्य सुनिश्चित होगा।
भगवान श्रीराम की प्रतिमा को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन मर्यादा, सत्य, त्याग और कर्तव्यपरायणता का आदर्श है। उन्होंने लोगों से सेवा, सद्भाव और समर्पण की भावना के साथ समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आग्रह किया।
इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, विधायक प्रबोध मिंज, विधायक रामकुमार टोप्पो सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।


