डिजिटल दुनिया से विश्व पटल तक पहुंचेगा छत्तीसगढ़ का पर्यटन: मंत्री राजेश अग्रवाल

लखनपुर में सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर्स से संवाद, पर्यटन, संस्कृति और स्वच्छता अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान

रायपुर, 28 जून। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा है कि डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग से छत्तीसगढ़ के पर्यटन को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक पहचान दिलाई जा सकती है। उन्होंने लखनपुर (अंबिकापुर) में आयोजित सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर मीट में प्रदेशभर से आए डिजिटल क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर्स से संवाद करते हुए उन्हें छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों को दुनिया तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज, संस्कृति और पर्यटन को नई पहचान देने का सशक्त मंच बन चुका है। उन्होंने युवाओं से चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़, कांगेर घाटी, सिरपुर, भोरमदेव, रामगढ़, मैनपाट, बारसूर, चंद्रखुरी और दंतेवाड़ा जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों की विशेषताओं को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत करने का आग्रह किया, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक छत्तीसगढ़ की ओर आकर्षित हों।
उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थानीय रोजगार, हस्तशिल्प, लोककला और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देता है। इसलिए डिजिटल क्रिएटर्स की सकारात्मक भूमिका प्रदेश के समग्र विकास में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
संवाद के दौरान मंत्री ने पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण पर्यटकों पर सकारात्मक प्रभाव छोड़ता है। सोशल मीडिया के माध्यम से स्वच्छता और जिम्मेदार पर्यटन का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए उन्होंने इसे जन-आंदोलन बनाने की अपील की।
मंत्री ने 29 और 30 जून को सरगुजा के ऐतिहासिक स्थल रामगढ़ में आयोजित होने वाले दो दिवसीय रामगढ़ महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों के जरिए महोत्सव के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन महत्व को देशभर तक पहुंचाया जाए, जिससे अधिक से अधिक पर्यटक और संस्कृति प्रेमी इससे जुड़ सकें।
उन्होंने कहा कि विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यटन अधोसंरचना के विकास, धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने, जनजातीय संस्कृति के संरक्षण तथा आधुनिक डिजिटल प्रचार-प्रसार के माध्यम से छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी पर्यटन राज्यों में स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर्स ने भी प्रदेश के पर्यटन स्थलों, सांस्कृतिक विरासत और रामगढ़ महोत्सव का रचनात्मक एवं व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा स्वच्छता एवं जिम्मेदार पर्यटन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम में पर्यटन विभाग के अधिकारी तथा प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए डिजिटल क्रिएटर्स उपस्थित रहे।

