G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

भाजपा ने किया अपने संस्थापक डॉ. मुखर्जी का बलिदान दिवस पर पुण्य स्मरण

रायपुर भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर शिक्षाविद और राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर मंगलवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर उनके छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर प्रदेश कोषाध्यक्ष श्रीराम गर्ग व छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह उपस्थित रहे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने जगदलपुर में डॉ. मुखर्जी जी के बलिदान दिवस पर उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय सहित पदाधिकारीगण एवं कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने इस मौके पर कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देश की अखण्डता और कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाए रखने के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। उन्होंने नारा दिया था— एक देश में दो निशान, दो विधान और दो प्रधान नहीं चलेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कश्मीर से धारा 370 हटाकर डॉ. मुखर्जी के उस अधूरे सपने और संकल्प को पूरा किया गया है। श्री देव ने कहा कि डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने राजनीति को सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का साधन माना। स्वतंत्रता के समय देश के विभाजन के संकट के दौरान बंगाल के हिंदुओं की रक्षा और पश्चिम बंगाल को भारत का हिस्सा बनाए रखने में उनकी भूमिका ऐतिहासिक थी।

प्रदेश भाजपा कार्यालय (कुशाभाऊ ठाकरे परिसर) स्थित “स्मृति मंदिर” में डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती संस्मरण पक्ष कार्यक्रम प्रभारी नंदन जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा, प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक मितुल कोठारी, प्रदेश आईटी सेल संयोजक सुनील पिल्लई सहित प्रदेश पदधिकारियों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

भाजपा जिला कार्यालय (एकात्म परिसर) में आयोजित संस्मरण कार्यक्रम में प्रदेश संगठन के वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों और पदाधिकारियों ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक त्रय सुनील सोनी, पुरन्दर मिश्रा व मोतीलाल साहू, शहर जिला भाजपा अध्यक्ष रमेशसिंह ठाकुर, भाजपा प्रदेश मंत्री द्वय जयंती पटेल व अमित साहू सहित आयोग, निगम-मण्डलों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे। इस स्मृति सभा के दौरान पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के विचारों को बूथ स्तर तक ले जाने और देश सेवा के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page