ई-रिक्शा में सवार होकर स्पीकर हाउस पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, श्रमिक महिलाओं का बढ़ाया हौसला

रायपुर, 31 जुलाई। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने राजनांदगांव के पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में आयोजित श्रमिक सम्मेलन में शामिल होकर महिलाओं के आत्मनिर्भरता प्रयासों की सराहना की। सम्मेलन के बाद वे हितग्राही ई-रिक्शा चालक श्रीमती सरिता वर्मा के ई-रिक्शा में बैठकर स्पीकर हाउस के लिए रवाना हुए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी और श्री सुमीत उपाध्याय भी उनके साथ मौजूद रहे।
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय दे रही हैं। वे साइकिल, मोटरसाइकिल और कार चलाने से लेकर विमान उड़ाने तक की जिम्मेदारी निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ महिलाएं अब सक्षम, सशक्त और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही हैं। उनके इस प्रोत्साहन से ई-रिक्शा चालक सरिता वर्मा ने खुशी जताई।
श्रमिक सम्मेलन में विभिन्न हितग्राही महिलाओं ने शासन की जनहितकारी योजनाओं से अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलावों और अनुभवों को साझा किया। इस दौरान डॉ. रमन सिंह ने ई-रिक्शा चालक श्रीमती उषा साहू से बातचीत कर उनकी शिक्षा के बारे में जानकारी ली और उन्हें 10वीं के बाद भी पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
उषा साहू के पति श्री भावेश साहू ने बताया कि उन्होंने ही अपनी पत्नी को ई-रिक्शा चलाना सिखाया और हमेशा उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा संचालन से परिवार की आय बढ़ी है, आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और बचत भी बढ़ रही है।



