प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2026 के लिए आवेदन शुरू, 31 जुलाई तक कर सकते हैं नामांकन
रायपुर। देश के प्रतिभाशाली बच्चों की असाधारण उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करने के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2026 के लिए नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार, इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
यह भारत सरकार का प्रतिष्ठित सम्मान है, जो प्रत्येक वर्ष देश के राष्ट्रपति द्वारा उन बच्चों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर देश का नाम रोशन किया है।
पुरस्कार के लिए 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे पात्र हैं। वीरता, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, खेल, कला एवं संस्कृति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बच्चों का नामांकन किया जा सकता है।
इच्छुक बच्चे स्वयं भी अपना नामांकन कर सकते हैं। इसके अलावा अभिभावक, शिक्षण संस्थान, सामाजिक संगठन अथवा अन्य व्यक्ति भी पात्र बच्चों का नामांकन कर सकते हैं। सभी आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।
आवेदन और विस्तृत जानकारी के लिए
राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल (Awards Portal)
पर ऑनलाइन नामांकन किया जा सकता है।
राज्य शासन ने प्रदेश के सभी जिलों के प्रतिभाशाली बच्चों, उनके अभिभावकों तथा शिक्षण संस्थानों से अधिक से अधिक संख्या में आवेदन करने की अपील की है, ताकि राज्य के होनहार बच्चों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके।

