दिल्ली: एक दिन में सामने आए Coronavirus के सर्वाधिक मामले, 792 नए केस मिले


Image Source : PTI
नई दिल्ली: दिल्ली में कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या 15 हजार के पार पहुंच गई। बुधवार को यहां 792 नए पॉजिटिव केस सामने आए, जो दिल्ली के भीतर एक दिन में पॉजिटिव पाए गए लोगों की सर्वाधिक संख्या है। अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले 22 मई को सबसे ज्यादा 660 नए मामले सामने आए थे। यह पहली बार है जब दिल्ली में एक दिन में संक्रमण के 700 से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं।
इन 792 नए मामलों के सामने आने से ही यहां कुल मामलों की संख्या 15257 हो गई। यह जानकारी दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा मीडिया बुलेटिन जारी करके दी गई। मीडिया बुलेटिन में बताया गया कि राज्य में बुधवार को कुल 310 लोग कोरोना वायरस के मुक्त हुए, जिन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। इसके साथ ही केंद्रशासित राज्य में कुल डिस्चार्ज हुए मरीजों की संख्या 7264 हो गई।
मीडिया बुलेटिन के मुताबिक दिल्ली में कुल मृतकों की संख्या 303 और संक्रिय मामलों की संख्या 7690 है। बुलेटिन में यह भी बताया गया है कि मृतकों की सूची में वही लोग शामिल हैं जिनकी मौत प्राथमिक तौर पर कोरोना वायरस की वजह से हुई है। यह संख्या मृत्यु लेखा-जोखा समिति द्वारा विभिन्न अस्पतालों से हासिल किए गए आंकड़ों के आधार पर है। मंगलवार को संक्रमितों का आंकड़ा 14,465 और मृतकों का आंकड़ा 288 था।