G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

सेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित रहे प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष : मुख्यमंत्री साय

‘नमो सेवा गाथा’ में जीवंत हुई प्रधानमंत्री की जीवन यात्रा, ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री

रायपुर, 7 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की प्रेरक यात्रा हैं। प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राजधानी रायपुर के बलवीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान ‘नमो सेवा गाथा’ लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के संघर्ष, सेवा और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को प्रस्तुत किया गया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए भारत को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया है। लगभग 13 वर्ष गुजरात के मुख्यमंत्री और 12 वर्ष से अधिक समय से देश के प्रधानमंत्री के रूप में उनकी सार्वजनिक यात्रा सेवा और जनकल्याण से जुड़ी रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ का मंत्र गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर केंद्रित है।

विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी के साथ छत्तीसगढ़ को भी विकसित और आत्मनिर्भर राज्य बनाने के लिए जनभागीदारी जरूरी है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। 13 अलग-अलग गतिविधियों के माध्यम से सेवा, स्वच्छता, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण की भावना को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

युवाओं के लिए प्रेरणा है प्रधानमंत्री की जीवन यात्रा

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से प्रधानमंत्री के जीवन के संघर्ष, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को समझने का अवसर मिला। सामान्य परिस्थितियों से आगे बढ़कर देश का नेतृत्व करने तक की उनकी यात्रा युवाओं को परिश्रम, अनुशासन, दृढ़ इच्छाशक्ति और जनसेवा का संदेश देती है।

बस्तर में शांति और विकास की दिशा में बढ़ते कदम

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों तथा सुरक्षा बलों एवं स्थानीय जनता के सहयोग से बस्तर में परिस्थितियां बदल रही हैं। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और शासन की योजनाओं की पहुंच दूरस्थ क्षेत्रों तक बढ़ी है। उन्होंने कहा कि बस्तर के युवाओं को शिक्षा, कौशल, रोजगार और उद्यमिता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

किसानों और महिलाओं का सशक्तिकरण प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में केंद्र और राज्य सरकार काम कर रही है।

महिला सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लगभग 68 लाख पात्र महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। उनके अनुसार योजना के तहत अब तक 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है।

51 हजार करोड़ के रेल कार्यों से मजबूत होगी कनेक्टिविटी

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए लगभग 51 हजार करोड़ रुपये के कार्य चल रहे हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। इससे यात्रियों की सुविधाओं के साथ उद्योग, व्यापार, पर्यटन और रोजगार को भी गति मिलने की बात उन्होंने कही।

6,691 जनजातीय गांवों में विकास कार्य

मुख्यमंत्री ने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के 6,691 जनजातीय गांवों में आवास, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और आजीविका जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण करते हुए इन क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।

निवेश के लिए छत्तीसगढ़ में बन रहा अनुकूल वातावरण

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई औद्योगिक विकास नीति, पारदर्शी प्रशासन और निवेश-अनुकूल वातावरण के कारण छत्तीसगढ़ में निवेशकों की रुचि बढ़ी है। हालिया सिंगापुर प्रवास का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि उद्योग जगत के साथ चर्चा में राज्य में निवेश को लेकर सकारात्मक रुझान देखने को मिला और 15 बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने वन-टू-वन चर्चा में निवेश में रुचि दिखाई।

उन्होंने कहा कि निवेश का उद्देश्य केवल उद्योग स्थापित करना नहीं, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती और छत्तीसगढ़ को आधुनिक उद्योग, तकनीक एवं नवाचार का केंद्र बनाना है।

विकसित भारत के निर्माण में नागरिकों की भूमिका महत्वपूर्ण : बृजमोहन अग्रवाल

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक स्तर पर अपनी भूमिका मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से जुड़ा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेशवासियों की ओर से बधाई दी।

कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश रक्षा, अर्थव्यवस्था, अधोसंरचना, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के क्षेत्रों में आगे बढ़ा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को सेवा और राष्ट्र समर्पण की महत्वपूर्ण यात्रा बताया।

कार्यक्रम में विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष हर्षिता पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page