G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

‘चेन्दरू’ राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार के लिए 15 अक्टूबर तक आवेदन

ग्रामीण पर्यटन में उत्कृष्ट योगदान पर मिलेगा एक लाख रुपये और प्रशस्ति पत्र

रायपुर, 7 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देने और सतत ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को प्रोत्साहित करने के लिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने ‘चेन्दरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार-2026’ के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 अक्टूबर 2026 कर दी गई है। चयनित व्यक्ति या संस्था को एक लाख रुपये की नकद राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।

यह पुरस्कार ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में दीर्घकालीन और समर्पित योगदान को पहचान देने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। इसके माध्यम से होमस्टे, स्थानीय संस्कृति एवं परंपराओं, प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण तथा समुदाय आधारित पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के साथ ग्रामीण पर्यटन को रोजगार और आजीविका से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।

छह श्रेणियों में होगा मूल्यांकन

पुरस्कार के लिए प्राप्त प्रविष्टियों का मूल्यांकन छह प्रमुख थीम के आधार पर किया जाएगा। इनमें एथनिक टूरिज्म, ईको टूरिज्म, धार्मिक पर्यटन, हेरिटेज टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म तथा मेडिकल एंड वेलनेस टूरिज्म शामिल हैं।

मूल्यांकन में पर्यटन गतिविधियों के विकास, होमस्टे को बढ़ावा देने, स्थानीय रोजगार एवं आजीविका के अवसर पैदा करने, पर्यटकों को उपलब्ध कराए जा रहे विशिष्ट अनुभव, पर्यटन स्थलों एवं धरोहरों के संरक्षण तथा स्थानीय समुदाय की भागीदारी को महत्व दिया जाएगा। संबंधित क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या में बदलाव तथा आवेदक के कार्यों के प्रभाव का भी आकलन किया जाएगा।

राज्योत्सव में दिया जाएगा सम्मान

‘चेन्दरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार’ प्रतिवर्ष राज्योत्सव एवं राज्य स्थापना दिवस अलंकरण समारोह में प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान किसी व्यक्ति या संस्था को उसके जीवनकाल में केवल एक बार दिया जाएगा।

छत्तीसगढ़ में ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में कार्यरत पात्र व्यक्ति एवं संस्था आवेदन कर सकते हैं। चयन में दीर्घकालीन सेवा, उल्लेखनीय उपलब्धियों और समर्पित प्रयासों को प्राथमिकता दी जाएगी।

आवेदन के साथ उपलब्धियों का विवरण जरूरी

आवेदक को निर्धारित प्रारूप में अपना परिचय, पता और फोटोग्राफ के साथ छत्तीसगढ़ निवासी होने का प्रमाण-पत्र तथा आधार कार्ड की सत्यापित प्रति प्रस्तुत करनी होगी। इसके अलावा ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में किए गए कार्यों का विस्तृत विवरण, प्राप्त अन्य सम्मानों की जानकारी तथा उपलब्ध होने पर प्रकाशित सामग्री और समाचार-पत्रों में प्रकाशित खबरों की सत्यापित प्रतियां संलग्न की जा सकती हैं। पुरस्कार स्वीकार करने की लिखित सहमति भी देनी होगी।

छह सदस्यीय जूरी करेगी चयन

प्राप्त प्रविष्टियों का परीक्षण छह सदस्यीय निर्धारित जूरी द्वारा किया जाएगा। जूरी की कार्यवाही गोपनीय रहेगी और चयन के संबंध में किसी प्रकार की अपील मान्य नहीं होगी। शासकीय सेवकों को आवेदन के लिए सामान्य प्रशासन विभाग से पूर्व अनुमति लेना आवश्यक होगा।

पंजीकृत डाक से भेजना होगा आवेदन

निर्धारित प्रारूप में पूर्ण आवेदन 15 अक्टूबर 2026 तक पंजीकृत डाक से इस पते पर भेजना होगा—

प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड, द्वितीय तल, उद्योग भवन, रिंग रोड नंबर-1, रायपुर (छत्तीसगढ़)-492001।

निर्धारित अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल 73545-80006 अथवा ई-मेल scmpctb@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे व्यक्तियों एवं संस्थाओं से निर्धारित समय-सीमा में आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है। पुरस्कार के माध्यम से गांवों की संस्कृति, प्रकृति और परंपराओं को सहेजते हुए पर्यटन को रोजगार, आजीविका और सतत विकास से जोड़ने वाले प्रयासों को राज्य स्तर पर पहचान मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page