G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

किसान न्याय यात्रा कल, ट्रैक्टर रैली निकालकर सौंपेंगे ज्ञापन

कवर्धा। भारतीय किसान संघ की ओर से प्रदेशव्यापी धरना प्रदर्शन आंदोलन के तहत 8 अक्टूबर को कवर्धा में ‘बलराम किसान न्याय यात्रा’ का आयोजन किया जाएगा। इसमें जिलेभर से किसान ट्रैक्टरों के साथ जिला मुख्यालय पहुंचेंगे और अपनी मांगों को लेकर शासन के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपेंगे। किसान संघ ने मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को अनिश्चितकालीन करने की चेतावनी दी है।

किसान संघ के अनुसार आंदोलन की पूरी तैयारी के साथ किसान कवर्धा पहुंचेंगे और शहर के विभिन्न पहुंच मार्गों पर धरना देंगे। किसानों की प्रमुख मांगों में गन्ने पर 150 रुपए बोनस, गन्ना और सभी बागवानी फसलों को कृषक उन्नति योजना में शामिल कर 15 हजार रुपए प्रति एकड़ वार्षिक आदान सहायता देने की मांग शामिल है।

इसके अलावा धान के समर्थन मूल्य में पिछले तीन साल में हुई वृद्धि को 3100 रुपए में जोड़कर भुगतान करने, पिछली सरकार के समय की लंबित धान की चौथी किश्त की राशि जल्द जारी करने और जिले के दोनों शक्कर कारखानों का क्षमता विस्तार करने की मांग रखी गई है।

किसानों ने घूमंतू गौवंश के पुनर्वास, सभी समितियों में धान का 40.700 किलो तौल सुनिश्चित करने तथा सुतियापाठ जलाशय की नहर-नाली विस्तार योजना जल्द शुरू करने की मांग भी की है। पिलारी नहर (माइनर), घोघरा नहर-नाली विस्तार, नेवारी व्यपवर्तन का खपरी तक विस्तार और करिया आमा बांध निर्माण की मांग भी आंदोलन में उठाई जाएगी।

गन्ना किसानों को समय पर भुगतान के लिए मंडी बोर्ड से रिवॉल्विंग फंड उपलब्ध कराने और गन्ने के लिए फसल बीमा शुरू करने सहित अन्य मांगों को लेकर किसान आंदोलन करेंगे। भारतीय किसान संघ कबीरधाम के प्रचार प्रमुख ने बताया कि मांगों पर सकारात्मक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में आंदोलन को अनिश्चितकालीन रूप देने की तैयारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page