मरकाटोला घाट हादसे में 6 की मौत, 7 घायल

600 से अधिक गेहूं की बोरियां हटाकर साढ़े तीन घंटे में पूरा किया रेस्क्यू, तीन एंबुलेंस लेकर पहुंची वरदान टीम
बालोद/धमतरी। मरकाटोला घाट में शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि सात घायलों का उपचार जारी है। हादसा उस समय हुआ, जब सड़क किनारे खराब होकर खड़े स्वराज माजदा वाहन को पीछे से गेहूं से भरे 16 पहिया ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक भी पलट गया।

पुलिस के अनुसार माजदा वाहन क्रमांक CG10BU7174 कवर्धा से जगदलपुर की ओर जा रहा था। मरकाटोला घाट में वाहन खराब होने के बाद सड़क किनारे खड़ा था। वाहन में 13 लोग सवार थे। इसी दौरान करीब 11.30 बजे रायपुर से जगदलपुर की ओर जा रहे 16 पहिया ट्रक क्रमांक CG04QY5947 ने पीछे से माजदा को टक्कर मार दी।

हादसे में मौके पर दो लोगों की मौत हुई, जबकि 11 घायल हुए। सभी घायलों को जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चार और घायलों ने दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की संख्या छह हो गई। ट्रक चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।
तीन एंबुलेंस लेकर पहुंची वरदान टीम
हादसे की सूचना मिलते ही वरदान परमार्थ सेवा समिति के अध्यक्ष एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला धमतरी के उपाध्यक्ष शिवा प्रधान, हेमंत प्रधान और डूमन साहू तीन एंबुलेंस लेकर घटनास्थल पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान एक व्यक्ति ट्रक के नीचे दबा मिला।

उसे बाहर निकालने के लिए ट्रक में लदी 600 से अधिक गेहूं की बोरियों को एक-एक कर हटाया गया। करीब 3 घंटे 30 मिनट तक चले रेस्क्यू के बाद दबे व्यक्ति के शव को बाहर निकाला जा सका। इस अभियान में वरदान टीम के साथ चारामा क्षेत्र के टीकम तारम, कुणाल नेताम, भावेश, चंद्रकांत यादव, दिव्यांशु मांडवी और दुर्गेश सहित पुलिस प्रशासन की टीम ने सहयोग किया।

मृतकों में कवर्धा-मुंगेली के युवक शामिल
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान कोमल साहू (20), अनीश पात्रे (22), दीपक कुम्हार (17), राजा सावरा (27), कृष्णा चौहान (18) और सुंदर लाल साहू (29) के रूप में हुई है। मृतक कवर्धा, मुंगेली और राजनांदगांव क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी बताए गए हैं।

हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव कार्य में सहयोग किया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में एंबुलेंस टीमों की भूमिका महत्वपूर्ण रही।



