आईटीआई कवर्धा में हर्षोल्लास से मनाया गया प्रवेश उत्सव

‘नव कौशल पथ, नई राह, नया हुनर’ थीम पर नवप्रवेशित विद्यार्थियों का किया गया स्वागत
कवर्धा, 10 अगस्त 2026। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) कवर्धा में नवीन शैक्षणिक सत्र के अवसर पर 4 एवं 5 अगस्त को ‘नव कौशल पथ, नई राह, नया हुनर’ थीम के साथ प्रवेश उत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का गुलाल लगाकर एवं पुष्प भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
संस्था के श्री हरिशंकर चंद्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अनुशासन, नियमित उपस्थिति तथा प्रशिक्षण और अध्ययन के प्रति समर्पण का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि आईटीआई में प्राप्त तकनीकी प्रशिक्षण विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और आत्मनिर्भरता की मजबूत नींव तैयार करता है।
कार्यक्रम में संस्था के पूर्व प्रशिक्षणार्थी श्री यक्ष कुमार ठाकुर ने विद्यार्थियों को कंप्यूटर आधारित परीक्षा एवं प्रायोगिक परीक्षा की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अप्रेंटिसशिप, प्लेसमेंट के साथ प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद रोजगार एवं स्वरोजगार के उपलब्ध अवसरों के बारे में भी जानकारी साझा की।
विद्यार्थियों को संस्था में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देते हुए उनका अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रशिक्षण अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
प्रवेश उत्सव में संस्था के सभी प्रशिक्षण अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए सफल प्रशिक्षण, उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।


