G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

सेन समाज सनातन परंपराओं और सामाजिक समरसता का मजबूत आधार : मुख्यमंत्री साय

नया रायपुर में संत शिरोमणि सेन जी महाराज के नाम पर होगा चौक का नामकरण, सामुदायिक भवन के लिए 50 लाख की घोषणा

रायपुर, 8 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सेन समाज भारत की सनातन परंपराओं, संस्कारों और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में सदियों से महत्वपूर्ण भूमिका निभाता आ रहा है। जन्म से लेकर विवाह और मृत्यु तक समाज के विभिन्न संस्कारों में सेन समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर जैसे महापुरुष का सेन समाज से होना पूरे समाज के लिए गौरव की बात है।

मुख्यमंत्री शनिवार को रायपुर के चिकित्सा महाविद्यालय परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित सेन शक्ति सम्मेलन एवं केश शिल्पी सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सेन समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपए देने की घोषणा की।

नया रायपुर में संत सेन महाराज के नाम पर चौक

मुख्यमंत्री साय ने घोषणा की कि नया रायपुर में संत शिरोमणि सेन जी महाराज के नाम पर चौक का नामकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नामकरण के संबंध में कमेटी गठित की गई है। मुख्यमंत्री ने सेन समाज के विकास और कल्याण के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

केश शिल्पियों के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री ने कहा कि केश शिल्पी कल्याण बोर्ड का गठन पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में किया गया था। पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए विभिन्न पहल की गईं। सैलून संचालकों को किट, कुम्हारों को बैटरी चलित चाक और बढ़ई समाज को कारपेंट्री किट उपलब्ध कराने जैसी योजनाएं इसी दिशा में उठाए गए कदम हैं। उन्होंने कहा कि सेन समाज की वर्तमान आवश्यकताओं और मांगों पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी।

कर्पूरी ठाकुर के आदर्शों को आगे बढ़ा रहा समाज

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में पारंपरिक हुनर और श्रम के सम्मान को बढ़ावा मिला है। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के माध्यम से पारंपरिक कारीगरों और छोटे व्यवसायों से जुड़े लोगों को सहायता, ऋण और अन्य सुविधाएं मिल रही हैं।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में सेन समाज से विधायक रिकेश सेन और छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन समाज सेवा और प्रदेश के विकास में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास के नेतृत्व में समाज के कल्याण कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई।

सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश में पिछले ढाई वर्षों में मोदी की गारंटी के अधिकांश वादों को पूरा किया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं। किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और 21 क्विंटल प्रति एकड़ खरीदी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत करीब 70 लाख माताओं-बहनों को हर माह 1000 रुपए दिए जा रहे हैं। अब तक योजना के माध्यम से 19 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है।

भूमिहीन कृषि मजदूरों को सालाना 10 हजार रुपए की सहायता, युवाओं के लिए 20 हजार से अधिक पदों पर भर्ती और नई उद्योग नीति के माध्यम से करीब डेढ़ लाख युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य भी मुख्यमंत्री ने बताया।

सोलर और डिजिटल सेवाओं पर जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत प्रदेश में करीब 80 हजार घरों में सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं। इनमें लगभग 40 हजार घरों में बिजली बिल शून्य आ रहा है।

उन्होंने कहा कि सेवा सेतु के माध्यम से 36 विभागों की 700 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। वहीं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के जरिए नागरिक घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध है।

डॉ. रमन सिंह ने की गौरीशंकर श्रीवास की सराहना

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री साय ने गौरीशंकर श्रीवास को केश शिल्पी कल्याण बोर्ड की जिम्मेदारी देकर उचित निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि सेन समाज हजारों वर्षों से सामाजिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण धुरी रहा है। विधायक रिकेश सेन भी विधानसभा में समाज से जुड़े विषयों को सक्रियता से उठाते हैं।

मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सेन शक्ति सम्मेलन को सामाजिक एकता और समरसता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि सेन समाज के युवाओं के कौशल विकास के लिए प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास ने सम्मेलन को सेन समाज के लिए ऐतिहासिक अवसर बताया और समाज की विभिन्न मांगों एवं आवश्यकताओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर से आए प्रशिक्षित सेन समाज के युवाओं को किट का वितरण भी किया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक रिकेश सेन, मोना सेन सहित बड़ी संख्या में सेन समाज के प्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page