G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

जनजातीय बालिकाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम बनेगा शबरी वाचनालय : राज्यपाल रमेन डेका

जनजातीय बालिकाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम बनेगा शबरी वाचनालय : राज्यपाल रमेन डेका

राज्यपाल ने किया शबरी वाचनालय का उद्घाटन, जनजातीय बालिकाओं में अध्ययन और पठन-पाठन की संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा

रायपुर, 21 जुलाई 2026। राज्यपाल रमेन डेका ने मंगलवार को वनवासी विकास समिति, छत्तीसगढ़ द्वारा स्थापित शबरी वाचनालय का उद्घाटन किया। जनजातीय बालिकाओं में अध्ययन, ज्ञानार्जन और पठन-पाठन की संस्कृति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्थापित इस वाचनालय के निर्माण के लिए राज्यपाल ने अपने स्वेच्छानुदान मद से आर्थिक सहायता प्रदान की है।

उद्घाटन अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि शबरी वाचनालय जनजातीय बालिकाओं के अध्ययन, चिंतन, आत्मविकास और व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त केंद्र बनेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यहां अध्ययन करने वाली छात्राएं शिक्षा और ज्ञान के बल पर प्रतियोगी परीक्षाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर अपने परिवार, समाज और राष्ट्र का नाम रोशन करेंगी।

उन्होंने कहा कि शबरी कन्या आश्रम वर्षों से जनजातीय बालिकाओं को शिक्षा के साथ संस्कार, आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रसेवा की भावना प्रदान कर रहा है। इसी का परिणाम है कि यहां से शिक्षित अनेक छात्राएं आज शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन और समाज सेवा जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

राज्यपाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संपदा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिपूर्ण राज्य है। यहां की संस्कृति का संबंध रामायण काल की परंपराओं से है। उन्होंने कहा कि असम और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक परंपराओं में अनेक समानताएं हैं और दोनों राज्यों की सांस्कृतिक धारा भगवान श्रीराम से जुड़ी हुई है।

उन्होंने वर्तमान समय को इंटरनेट और तकनीक का युग बताते हुए कहा कि बदलती जीवनशैली के बीच जीवन मूल्यों को बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। परिवार और समाज के प्रति संवेदनशीलता, संतोष और सकारात्मक सोच ही जीवन को सार्थक बनाती है। उन्होंने युवाओं से जीवन के प्रत्येक क्षण का सदुपयोग करते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।

राज्यपाल ने वनवासी विकास समिति के शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कार, स्वावलंबन और सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जनजातीय समाज के उत्थान के लिए संस्था का योगदान प्रेरणादायी है। उन्होंने संस्था के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और सहयोगियों के समर्पण भाव की प्रशंसा की।

कार्यक्रम में वनवासी विकास समिति के अध्यक्ष उमेश कच्छप, सचिव अनुराग जैन, संस्था के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सहयोगी तथा शबरी कन्या आश्रम की छात्राएं उपस्थित रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page