छत्तीसगढ़ में बनेगा पहला मदर मिल्क बैंक, विश्व स्तनपान सप्ताह पर 10 माताओं का होगा सम्मान
रायपुर । विश्व स्तनपान सप्ताह के तहत 6 अगस्त को रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के पहले मातृ दूध कोष (मदर मिल्क बैंक) की स्थापना की घोषणा की जाएगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल करेंगे।
स्वास्थ्य विभाग, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) और राज्य स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र (एसएचएसआरसी) के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्यक्रम पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगा।
कार्यक्रम में राज्य की 10 प्रेरणादायी माताओं को ‘माता यशोदा सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। ये वे माताएं हैं जिन्होंने अपने मातृ दुग्ध का दान कर या अन्य नवजात शिशुओं को स्तनपान कराकर मानवता की मिसाल पेश की है। इनमें ऐसे शिशुओं को भी मातृ दुग्ध उपलब्ध कराया गया, जिनकी माताओं का निधन हो चुका था या जिनमें पर्याप्त दूध उपलब्ध नहीं था।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राज्य में स्थापित होने वाला मदर मिल्क बैंक उन नवजात शिशुओं के लिए सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण मातृ दुग्ध उपलब्ध कराएगा, जिन्हें किसी कारणवश अपनी मां का दूध नहीं मिल पाता।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, स्वास्थ्य सेवाओं के आयुक्त-सह-ससंचालक डॉ. संजीव झा, चिकित्सा विशेषज्ञ, नर्सिंग अधिकारी, मितानिन, जनप्रतिनिधि और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि मां का दूध शिशु के लिए सर्वोत्तम प्राकृतिक आहार है, जो उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के साथ स्वस्थ विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विभाग ने आमजन और मीडिया से कार्यक्रम में भाग लेकर स्तनपान के महत्व का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की है।

