मुंगेली में बनेगा प्रदेश का पहला बीईएमएल संयंत्र, 79.70 एकड़ भूमि आवंटन को कैबिनेट की मंजूरी
रायपुर । छत्तीसगढ़ सरकार ने मुंगेली जिले में भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (बीईएमएल) के हैवी अर्थ मूविंग इक्विपमेंट निर्माण संयंत्र की स्थापना के लिए 79.70 एकड़ शासकीय भूमि रियायती दर पर आवंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
प्रस्तावित संयंत्र पथरिया तहसील के ग्राम चंद्रगढ़ी में स्थापित होगा। यह छत्तीसगढ़ का अपनी तरह का पहला भारी मशीनरी निर्माण संयंत्र होगा। संयंत्र की स्थापना से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, वहीं तकनीकी प्रशिक्षण, एमएसएमई, लॉजिस्टिक्स, ट्रांसपोर्ट और स्पेयर पार्ट्स जैसे सहायक उद्योगों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
प्रशासन के अनुसार, संयंत्र के लिए शुरुआत में रायगढ़ और जांजगीर-चांपा जिलों में भूमि तलाश की जा रही थी। बाद में कलेक्टर कुंदन कुमार के मार्गदर्शन में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र तथा राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मुंगेली के ग्राम चंद्रगढ़ी में 79.70 एकड़ उपयुक्त शासकीय भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव शासन को भेजा, जिसे अब कैबिनेट की स्वीकृति मिल गई है।
कलेक्टर कुंदन कुमार ने कहा कि बीईएमएल संयंत्र जिले में आधुनिक विनिर्माण और इंजीनियरिंग गतिविधियों का नया केंद्र बनेगा। इससे औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे।



