13,912 आवेदन निपटाकर बलरामपुर के निर्दोष लकड़ा बने प्रदेश के टॉप वीएलई, वित्त मंत्री ने किया सम्मानित

रायपुर। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से उत्कृष्ट कार्य करते हुए बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के वीएलई (विलेज लेवल एंटरप्रेन्योर) निर्दोष लकड़ा ने वर्ष 2025-26 में 13,912 आवेदनों का सफल निराकरण कर प्रदेश के टॉप ट्रांजैक्शन वीएलई बनने का गौरव हासिल किया है। रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
निर्दोष लकड़ा ने सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आय, जाति, निवास, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र सहित विभिन्न शासकीय सेवाओं के हजारों आवेदन समयबद्ध तरीके से निपटाए। उनकी उपलब्धि को डिजिटल सुशासन और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय माना जा रहा है।
सेवा सेतु पोर्टल के प्रभावी संचालन से बलरामपुर जिले के ग्रामीणों को अब छोटे-छोटे कार्यों के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। अधिकांश शासकीय सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही पारदर्शी और निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध हो रही हैं।
सम्मान मिलने के बाद निर्दोष लकड़ा ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि तकनीक के जरिए आम लोगों का जीवन आसान बनाना है। उन्होंने कहा कि जब नागरिकों का समय और संसाधन बचते हैं, तभी डिजिटल सुशासन का वास्तविक उद्देश्य पूरा होता है।
राज्य सरकार के अनुसार, सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से डिजिटल सेवाओं का विस्तार ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच रहा है और बलरामपुर मॉडल इस दिशा में एक सफल उदाहरण बनकर उभरा है।




