‘मुस्कुराता बस्तर’ कार्यशाला में बच्चों ने कार्टून कैनवास पर उकेरी नए बस्तर की तस्वीर

कला के माध्यम से अभिव्यक्ति एक बड़ा हुनर : वन मंत्री केदार कश्यप

रायपुर, 3 अगस्त। बस्तर की सकारात्मक छवि, सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य को रचनात्मक कला के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से जगदलपुर में ‘मुस्कुराता बस्तर’ कार्टून कार्यशाला का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग के सहयोग से देश की एकमात्र मासिक कार्टून पत्रिका ‘कार्टून वॉच’ द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में जिले के 10 विद्यालयों के 120 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि अपनी भावनाओं और विचारों को कला के माध्यम से व्यक्त करना एक विशेष हुनर है। कार्टून और कैरिकेचर केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि समाज, संस्कृति और विकास के सकारात्मक संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की सशक्त कला भी हैं।
इस अवसर पर महापौर श्री संजय पांडेय, एमआईसी सदस्य श्री संग्राम सिंह, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। बस्तर कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने भी कार्यशाला में पहुंचकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

वरिष्ठ कलाकारों ने सिखाईं कार्टून कला की बारीकियां
कार्यशाला में दिल्ली के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट श्री माधव जोशी और पुणे के प्रसिद्ध कैरिकेचर कलाकार श्री शुभम जिंदे ने लाइव डेमो के माध्यम से विद्यार्थियों को कार्टून और कैरिकेचर निर्माण की तकनीकें सिखाईं।
उन्होंने विद्यार्थियों को कला के सामाजिक महत्व, रचनात्मक संभावनाओं और रोजगार के अवसरों की जानकारी दी। बच्चों ने भी अपनी कल्पनाशीलता और सृजनात्मक प्रतिभा से कैनवास पर बस्तर के विकास, संस्कृति और खुशहाली की तस्वीरें उकेरीं।

विकास और विश्वास की नई पहचान बन रहा बस्तर
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर विकास, विश्वास और नई संभावनाओं के साथ अपनी नई पहचान बना रहा है। चित्रकोट एवं तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, बस्तर दशहरा और जनजातीय संस्कृति जैसी धरोहरें बस्तर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान दिला रही हैं।
‘मुस्कुराता बस्तर’ कार्यशाला का उद्देश्य इन्हीं सकारात्मक पहलुओं को कार्टून कला के माध्यम से रचनात्मक रूप में प्रस्तुत करना है।

नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने का प्रयास
‘कार्टून वॉच’ के संपादक श्री त्र्यंबक शर्मा ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच विकसित करना और बस्तर की खूबियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। यह आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ बस्तर की सकारात्मक पहचान को देशभर में स्थापित करने की दिशा में अभिनव प्रयास है।
कार्यशाला में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कैरिकेचर कलाकार श्री शुभम जिंदे ने वन मंत्री श्री केदार कश्यप और महापौर श्री संजय पांडेय का कैरिकेचर बनाकर उन्हें भेंट किया।



