सफलता की कहानी: अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना से श्रमिक परिवारों के बच्चों को मिली नई उड़ान

सफलता की कहानी: अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना से श्रमिक परिवारों के बच्चों को मिली नई उड़ान
रायपुर, 3 अगस्त। आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों के मेधावी बच्चों के लिए अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना नई उम्मीद बनकर सामने आई है। योजना के तहत बीजापुर जिले के कई विद्यार्थियों का प्रतिष्ठित निजी विद्यालयों में चयन हुआ है, जहां उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल रहा है।
योजना के अंतर्गत विकासखंड उसूर के ग्राम बसागुड़ा की छात्रा सान्वी संगम तथा विकासखंड भैरमगढ़ के ग्राम छोटे गोगला के छात्र आदित्य कोरसा का चयन दिल्ली पब्लिक स्कूल, राजनांदगांव में हुआ है। वहीं विकासखंड भोपालपटनम के ग्राम गुल्लागुड़ा की छात्रा परिधि कावटी, विकासखंड बीजापुर के ग्राम सागमेटा के छात्र देवांश जनगम और ग्राम गुल्लागुड़ा की छात्रा निहारिका नीकुरी का चयन हम एकेडमी, जगदलपुर में हुआ है।
चयनित विद्यार्थियों के अभिभावकों ने बताया कि वे श्रमिक परिवारों से हैं और सीमित आय के कारण बच्चों को निजी विद्यालयों में पढ़ाना संभव नहीं था। श्रम विभाग में पंजीयन के बाद उन्हें अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना की जानकारी मिली। आवेदन करने पर बच्चों की प्रतिभा के आधार पर उनका चयन हुआ।
अब विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त विद्यालयों में अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। इससे उनके आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है और वे अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप ने चयनित विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से मुलाकात कर बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने माता-पिता, समाज और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अभिभावकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी और चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना श्रमिक परिवारों के बच्चों को समान अवसर उपलब्ध कराकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है। यह योजना सामाजिक समावेशन और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का मजबूत आधार बन रही है।



