श्रावण के प्रथम सोमवार पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने लखनपुर शिव मंदिर में किया जलाभिषेक

श्रावण के प्रथम सोमवार पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने लखनपुर शिव मंदिर में किया जलाभिषेक
रायपुर, 3 अगस्त। श्रावण मास के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने सरगुजा जिले के लखनपुर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं जलाभिषेक किया। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और छत्तीसगढ़ के निरंतर विकास की कामना की।
श्रावण के प्रथम सोमवार पर मंदिर परिसर श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति से सराबोर रहा। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोषों के बीच मंत्री ने भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर जल, दुग्ध, बेलपत्र, धतूरा, पुष्प, भस्म सहित पूजन सामग्री अर्पित की। उन्होंने श्रद्धालुओं से आत्मीय संवाद कर सभी को श्रावण मास की शुभकामनाएं भी दीं।
इस अवसर पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का सबसे पुण्यदायी और आध्यात्मिक महत्व वाला समय है। भगवान भोलेनाथ करुणा, त्याग, लोककल्याण और समानता के प्रतीक हैं। उन्होंने प्रार्थना की कि प्रदेश में सुख-समृद्धि बनी रहे, किसानों की मेहनत रंग लाए, युवाओं को उज्ज्वल भविष्य मिले तथा समाज में भाईचारा और सद्भाव कायम रहे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्राचीन मंदिरों, ऐतिहासिक धार्मिक स्थलों और आस्था केंद्रों के विकास के साथ धार्मिक पर्यटन को नई पहचान दिलाने के लिए योजनाबद्ध प्रयास किए जा रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर राज्य की अमूल्य पहचान है। सरकार का प्रयास है कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, जिससे धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिले।
श्रावण के प्रथम सोमवार पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति, आस्था और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।



