ढाबों में शराब परोसने वालों पर कबीरधाम पुलिस का शिकंजा, दो होटल संचालकों पर कार्रवाई

कवर्धा। कबीरधाम जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव (आईपीएस) के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने ढाबों एवं होटलों में विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान दो ढाबा संचालकों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य ढाबों और होटलों में अवैध रूप से शराब परोसने, असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने तथा आम नागरिकों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना था।

कोतवाली थाना प्रभारी योगेश कश्यप के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के विभिन्न ढाबों और होटलों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान बादशाह ढाबा और साहू छत्तीसगढ़ ढाबा में ग्राहकों को शराब परोसते हुए पाया गया। इस पर पुलिस ने दोनों संचालकों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम की धारा 36(सी) के तहत वैधानिक कार्रवाई की।
थाना प्रभारी योगेश कश्यप ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में बिना वैधानिक अनुमति के शराब परोसना कानून का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी ढाबा, होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को नियमों का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी देते हुए कहा कि उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि ढाबों और होटलों में आकस्मिक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि कहीं अवैध रूप से शराब परोसने, नशाखोरी या अन्य असामाजिक गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल निकटतम थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराध नियंत्रण, नशे पर रोक और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान निरंतर जारी रहेंगे।

