शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे : राज्यपाल रमेन डेका

रायपुर, 31 जुलाई। राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचे। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

रायगढ़ प्रवास के प्रथम दिन जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक में राज्यपाल ने जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों के साथ जल संरक्षण, पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण, जैविक खेती, स्वच्छता, योग, टीबी उन्मूलन, आजीविका, सहकारिता और सड़क सुरक्षा सहित 20 से अधिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह उपस्थित रहे।

राज्यपाल ने जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने पर जोर देते हुए वर्षा जल संग्रहण, वाटर हार्वेस्टिंग तथा पुराने कुओं और बावड़ियों के संरक्षण के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने और विद्यालयों, महाविद्यालयों व सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक पौधारोपण सुनिश्चित करने पर बल दिया।
उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने के लिए जैविक खेती, फसल विविधीकरण, मत्स्य पालन और औषधीय फसलों को बढ़ावा देने की बात कही। साथ ही रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम कर जैविक तकनीकों के उपयोग को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
राज्यपाल ने स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा करते हुए सार्वजनिक शौचालयों के बेहतर रखरखाव और गैर-पुनर्चक्रण योग्य प्लास्टिक के उपयोग को हतोत्साहित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने विद्यालयों और संस्थानों में नियमित योग शिविर आयोजित करने तथा टीबी उन्मूलन अभियान को लक्ष्य के अनुरूप प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में विशेष पिछड़ी जनजातियों के सामाजिक-आर्थिक विकास, नालंदा लाइब्रेरी, महिला स्व-सहायता समूहों, लखपति दीदी योजना, नशामुक्ति अभियान, सहकारिता, डिजिटल सेवाओं, सड़क सुरक्षा, रेडक्रॉस और एनसीसी गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। राज्यपाल ने महिलाओं को अधिक से अधिक स्वरोजगार से जोड़ने तथा युवाओं में अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक के अंत में राज्यपाल श्री रमेन डेका का स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



