अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा निर्माण में अनियमितता, उप अभियंता चंद्र प्रकाश जायसवाल निलंबित
रायपुर, 31 जुलाई। कोरबा जिले के कटघोरा नगर पालिका स्थित अटल परिसर में स्थापित भारतरत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की कांस्य प्रतिमा निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने उप अभियंता चंद्र प्रकाश जायसवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रतिमा निर्माण को लेकर प्राप्त शिकायतों की जांच नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के बिलासपुर क्षेत्रीय कार्यालय के संयुक्त संचालक से कराई गई थी। जांच प्रतिवेदन में पाया गया कि प्रतिमा का निर्माण स्वीकृत प्राक्कलन के प्रावधानों के विपरीत किया गया। साथ ही प्रतिमा के विभिन्न हिस्सों से परत उखड़ने, लगातार क्षतिग्रस्त होने तथा कांस्य प्रतिमा निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं होने जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
जांच में निर्माण कार्य के दौरान उप अभियंता चंद्र प्रकाश जायसवाल को इन अनियमितताओं के लिए उत्तरदायी माना गया। इसे शासकीय दायित्वों के विपरीत आचरण मानते हुए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
निलंबन अवधि के दौरान श्री जायसवाल का मुख्यालय संयुक्त संचालक, क्षेत्रीय कार्यालय, नगरीय प्रशासन एवं विकास, दुर्ग निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।



