डिजिटल इंडिया ने भारत को दिलाई नई वैश्विक पहचान, सीएससी डिजिटल क्रांति के वास्तविक सूत्रधार : ओपी चौधरी

रायपुर, 31 जुलाई। वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डिजिटल इंडिया अभियान ने भारत को विश्व स्तर पर नई पहचान दिलाई है। आज देश डिजिटल भुगतान और जनसेवा के क्षेत्र में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल है। उन्होंने कहा कि कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) डिजिटल क्रांति के वास्तविक सूत्रधार हैं, जिन्होंने सरकारी सेवाओं को आम नागरिकों तक सरल और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया है।

रायपुर में आयोजित ‘17 Years of Progress with Purpose’ कार्यक्रम में वित्त मंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले सीएससी संचालकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने प्रदेश के 38 हजार पंजीकृत सीएससी संचालकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से छत्तीसगढ़ के तीन करोड़ नागरिकों को राजस्व, श्रम, बिजली, आयुष्मान, बैंकिंग सहित अनेक सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रही हैं।

श्री चौधरी ने कहा कि वर्ष 2015 में शुरू हुए डिजिटल इंडिया मिशन ने डिजिटल डिवाइड को समाप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य केवल आर्थिक विकास नहीं, बल्कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी सोच के अनुरूप मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन-2047’ पर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि जनधन, आधार और मोबाइल (JAM) आधारित प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) व्यवस्था से भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगा है। महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अनेक योजनाओं की राशि सीधे हितग्राहियों के खातों में पहुंच रही है, जिसमें सीएससी की महत्वपूर्ण भूमिका है।

वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के अटल डिजिटल सुविधा केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं के विस्तार का मजबूत माध्यम बन रहे हैं। भविष्य में अधिक से अधिक सरकारी सेवाओं को सीएससी नेटवर्क से जोड़ा जाएगा और ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक डिजिटल अधोसंरचना को भी मजबूत किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में श्री चौधरी ने सीएससी संचालकों को बधाई देते हुए भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार जनसेवा को और अधिक प्रभावी बनाने तथा सीएससी नेटवर्क को सशक्त करने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करती रहेगी।



