मनीषा देवी के आगमन पर डेहरी में भजन-कीर्तन और भंडारा, 20 लोगों ने किया रक्तदान

डेहरी /कबीरधाम। ग्राम डेहरी में परम पूजनीय मनीषा देवी जी के पावन आगमन के अवसर पर भजन-कीर्तन, विशाल भंडारा और रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ग्राम पंचायत डेहरी के सरपंच एवं दुर्ग संभाग किसान प्रकोष्ठ साहू संघ के सह-संयोजक केदार साहू के नेतृत्व में हुआ। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों और कबीरपंथ टीम के सदस्यों ने सहयोग किया।

रक्तदान शिविर में 30 लोगों का रक्त परीक्षण किया गया, जिसमें 20 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। शिविर में विशेष सहयोगी के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ साहू संघ एवं जिलाध्यक्ष, नई चमक रक्तदान समिति के हरीश कुमार साहू मौजूद रहे। उन्होंने युवाओं को रक्तदान के महत्व और इसके सामाजिक लाभों की जानकारी दी।
रक्तदान करने वाले सभी लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हेलमेट और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय रहा। इसके बाद आयोजित विशाल भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के समापन पर केदार साहू ने परम पूजनीय मनीषा देवी जी का आशीर्वाद लिया तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले ग्रामवासियों, कबीरपंथ टीम और रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

