G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

स्वाभिमान और उद्यमशीलता की मिसाल है सिंधी समाज : राज्यपाल रमेन डेका

स्वाभिमान और उद्यमशीलता की मिसाल है सिंधी समाज : राज्यपाल रमेन डेका

‘मुखी संवाद’ कार्यक्रम में बोले राज्यपाल, प्रदेशभर की 128 सिंधी पंचायतों के प्रतिनिधि एक मंच पर हुए एकजुट

रायपुर, 26 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि सिंधी समाज स्वाभिमान, आत्मनिर्भरता और उद्यमशीलता का जीवंत उदाहरण है। देश के विभाजन की त्रासदी और विस्थापन का दर्द झेलने के बावजूद इस समाज ने अपने परिश्रम, दृढ़ संकल्प और सकारात्मक सोच के बल पर न केवल स्वयं को पुनः स्थापित किया, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

राज्यपाल श्री डेका रायपुर में पूज्य छत्तीसगढ़ सिंधी पंचायत द्वारा आयोजित ‘मुखी संवाद’ (विचार, तर्क एवं सुझाव परिचर्चा) कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।

विस्थापन की पीड़ा को बनाया सफलता की ताकत

राज्यपाल ने कहा कि विभाजन के समय सिंधी समाज को अपनी मातृभूमि, संपत्ति और सांस्कृतिक विरासत छोड़नी पड़ी, लेकिन इस पीड़ा को उन्होंने अपनी ताकत बनाया। कठिन परिस्थितियों के बावजूद समाज ने अपनी संस्कृति और परंपराओं को संजोते हुए व्यापार, उद्योग, शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं।

128 पंचायतों की एकजुटता संगठन की शक्ति का प्रमाण

श्री डेका ने कहा कि किसी भी समाज की रीढ़ उसकी पंचायतें होती हैं। सिंधी समाज की पंचायत व्यवस्था सामाजिक समरसता बनाए रखने के साथ-साथ प्रगतिशील सोच को भी बढ़ावा देती है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि ‘मुखी संवाद’ में प्रदेशभर की 128 सिंधी पंचायतों के प्रतिनिधि एक मंच पर एकत्र हुए हैं, जो समाज की संगठनात्मक शक्ति और एकता का प्रतीक है।

युवा पीढ़ी को संस्कृति और भाषा से जोड़ने पर जोर

राज्यपाल ने समाज के प्रतिनिधियों से सिंधी भाषा, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों और युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने तथा महिला विंग के माध्यम से महिलाओं को और अधिक सशक्त बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल रमेन डेका ने पूज्य छत्तीसगढ़ सिंधी पंचायत को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। इस अवसर पर संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी, प्रदेशभर से आए पंचायतों के मुखी, प्रतिनिधि, महिला विंग के सदस्य तथा बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page