कबीरधाम में विकास कार्यों की मैराथन समीक्षा, किसानों, महिलाओं और विद्यार्थियों से जुड़ी योजनाओं पर विशेष जोर

रायपुर, 25 जुलाई 2026। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और कबीरधाम जिले के प्रभारी मंत्री एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक लेकर विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में किसानों को खाद की निर्बाध उपलब्धता, अवैध शराब पर सख्त कार्रवाई, आवास निर्माण, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और सोलर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।
किसानों को समय पर खाद, अवैध शराब पर संयुक्त अभियान
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कृषि विभाग को निर्देश दिए कि सभी सहकारी समितियों में किसानों के लिए पर्याप्त खाद उपलब्ध रहे। आबकारी विभाग को पुलिस के साथ मिलकर ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब बिक्री और अवैध चखना दुकानों के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए। गोधामों के पंजीयन का कार्य 10 अगस्त तक पूरा करने तथा मत्स्य उत्पादन को 30 हजार मीट्रिक टन से बढ़ाकर 35 हजार मीट्रिक टन करने का लक्ष्य तय करने को कहा।
जिले की अर्थव्यवस्था बढ़ाने पर जोर
उन्होंने कहा कि जिले की अर्थव्यवस्था और जीडीपी बढ़ाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। नगरीय निकायों में पट्टा सर्वेक्षण और लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। सरस्वती साइकिल योजना की समीक्षा में स्पष्ट किया कि गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होगा और मानक के अनुरूप साइकिलें ही स्वीकार की जाएंगी।
आवास, सड़क और सोलर योजनाओं में तेजी
उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत समय-सीमा में आवास निर्माण पूरा कराने और जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिले की बिहान समूह की महिलाएं प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर पैनल स्थापित कर रही हैं और यह प्रदेश का पहला ऐसा समूह है। महिला समूहों को अन्य कार्यों के अनुबंध उपलब्ध कराने तथा खराब सड़कों की शीघ्र मरम्मत और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे
उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने अधिकारियों से कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों द्वारा बताई गई समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने, योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा राजस्व विभाग में सभी पटवारियों की मुख्यालय में अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
शिक्षा, श्रम और सोलर मिशन पर फोकस
उन्होंने सभी विकासखंड मुख्यालयों में श्रमिक पंजीयन शिविर लगाने, अन्यत्र अटैच शिक्षकों को तत्काल मूल पदस्थापना स्थल पर भेजने तथा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत अधिक से अधिक घरों में सोलर रूफटॉप पैनल लगाने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए।
धान खरीदी, आयुष्मान और अटल टिंकरिंग लैब की समीक्षा
सांसद संतोष पाण्डेय ने धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और अनियमितता पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अटल टिंकरिंग लैब का बेहतर उपयोग कर विद्यार्थियों में नवाचार और वैज्ञानिक सोच विकसित करने, सहकारी शक्कर कारखाने की उत्पादन क्षमता बढ़ाने तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर आयुष्मान कार्ड और निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
आंगनबाड़ी, छात्रावास और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर निर्देश
पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने जर्जर आंगनबाड़ी भवनों का सर्वे कर सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने, छात्रावासों में अधीक्षकों की उपलब्धता बढ़ाने तथा विद्यालय समय के बाद ही विभागीय बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से कोई भी पात्र हितग्राही वंचित न रहे, इसके लिए गांव-गांव सर्वे कर पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने पर बल दिया।
बैठक में कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, राजेन्द्र चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, सरिता संतोष मिश्रा, जनपद अध्यक्ष सुषमा गणपत बघेल, कलेक्टर गोपाल वर्मा सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


