कबीरधाम को रेल लाइन से जोड़ने की मांग: स्कूली बच्चों ने प्रधानमंत्री मोदी को लिखा भावुक पत्र

कबीरधाम को रेल लाइन से जोड़ने की मांग: स्कूली बच्चों ने प्रधानमंत्री मोदी को लिखा भावुक पत्र

कवर्धा। कबीरधाम जिले को रेल नेटवर्क से जोड़ने की मांग अब बच्चों की आवाज बन गई है। जिले के ग्राम खपरी क्षेत्र स्थित वाणी विद्या मंदिर, खपरी के छात्र-छात्राओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हस्तलिखित पत्र भेजकर कबीरधाम में जल्द रेल सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है। बच्चों ने पत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, किसानों की सुविधा और जिले के विकास के लिए रेलवे को जरूरी बताते हुए अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं।
23 जुलाई 2026 को लिखे गए इस पत्र में विद्यार्थियों ने कहा कि देश आजादी के 75 वर्ष पूरे कर चुका है और अधिकांश जिलों में रेल सुविधा उपलब्ध है, लेकिन कबीरधाम आज भी रेल मार्ग से नहीं जुड़ पाया है। इसके कारण जिले के विद्यार्थियों, किसानों और आम नागरिकों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उच्च शिक्षा के लिए लंबा सफर करना पड़ता है
विद्यार्थियों ने लिखा है कि 12वीं के बाद उच्च शिक्षा के लिए उन्हें रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और भिलाई जैसे शहरों में जाना पड़ता है। सड़क मार्ग से इन शहरों तक पहुंचने में 4 से 5 घंटे लग जाते हैं, जबकि रेल सुविधा होने पर यह दूरी कम समय में तय की जा सकती है।
इलाज और किसानों को भी होगी सुविधा
पत्र में बच्चों ने उल्लेख किया कि गंभीर बीमारी की स्थिति में मरीजों को बड़े अस्पतालों तक पहुंचाने में काफी परेशानी होती है। यदि रेल सुविधा उपलब्ध हो जाए तो लोगों को कम खर्च में और जल्दी इलाज मिल सकेगा।
विद्यार्थियों ने यह भी लिखा कि जिले के अधिकांश परिवार खेती-किसानी से जुड़े हैं। धान, चना, गेहूं, गन्ना और सब्जियों जैसी फसलों को बाजार तक पहुंचाने में रेल सुविधा नहीं होने के कारण किसानों को अतिरिक्त लागत और कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उनका मानना है कि रेल लाइन बनने से किसानों को बेहतर बाजार मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
‘हम भी ट्रेन में बैठकर घूमना चाहते हैं’
पत्र में बच्चों ने अपनी मासूम इच्छा भी व्यक्त की है। उन्होंने लिखा कि वे भी ट्रेन में बैठकर रायपुर, डोंगरगढ़, रतनपुर और अन्य धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की यात्रा करना चाहते हैं। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री से कबीरधाम में जल्द से जल्द रेल परियोजना शुरू कराने का आग्रह किया है।
विद्यार्थियों ने पत्र के अंत में भरोसा दिलाया कि रेल सुविधा मिलने पर वे और अधिक मेहनत से पढ़ाई करेंगे तथा देश के विकास में योगदान देंगे।
स्कूल के अनेक छात्र-छात्राओं ने इस हस्तलिखित पत्र पर अपने हस्ताक्षर कर प्रधानमंत्री से कबीरधाम जिले को रेल मानचित्र से जोड़ने की भावुक अपील की है।


