G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

छत्तीसगढ़ को देश का प्रमुख पर्यटन केंद्र बनाने पर जोर, योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने विभागीय समीक्षा बैठक में विकास कार्यों और सांस्कृतिक विरासत संरक्षण की प्रगति परखी

रायपुर, 9 जुलाई। छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने और प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन को गति देने के उद्देश्य से पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने गुरुवार को मंत्रालय में विभागीय योजनाओं और परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी विकास कार्य समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने और प्रत्येक परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में पर्यटन विभाग की विभिन्न योजनाओं, अधोसंरचना विकास, प्रमुख परियोजनाओं, पर्यटक सुविधाओं के विस्तार तथा आगामी कार्ययोजना की जानकारी छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से दी। वहीं संस्कृति विभाग के संचालक डॉ. संजय कन्नौजे ने सांस्कृतिक संरक्षण, लोककलाओं, लोक कलाकारों, धरोहर संरक्षण और आगामी कार्यक्रमों की प्रगति से अवगत कराया।

पर्यटक सुविधाओं और अधोसंरचना पर विशेष जोर

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक सौंदर्य, ऐतिहासिक धरोहरों, धार्मिक स्थलों, जनजातीय संस्कृति और लोककलाओं से समृद्ध राज्य है। इन विशेषताओं का राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए। उन्होंने पर्यटन स्थलों पर आधुनिक सुविधाओं के विकास, नई पर्यटन परियोजनाओं और बेहतर अधोसंरचना तैयार करने के निर्देश दिए।

सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी रहेगा फोकस

उन्होंने संस्कृति विभाग को प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक कला रूपों, संग्रहालयों और सांस्कृतिक संस्थानों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा। साथ ही सांस्कृतिक आयोजनों में जनभागीदारी बढ़ाने और नई पीढ़ी को प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने पर विशेष बल दिया।

समय-सीमा में कार्य पूरे करने के निर्देश

मंत्री ने कहा कि सभी परियोजनाओं की नियमित समीक्षा और सतत मॉनिटरिंग की जाए, ताकि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने कहा कि समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और परिणामोन्मुखी कार्यों के माध्यम से छत्तीसगढ़ को पर्यटन और संस्कृति के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित किया जा सकता है।

बैठक में पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य, संस्कृति विभाग के संचालक डॉ. संजय कन्नौजे, अवर सचिव रुचि शर्मा, उपमहाप्रबंधक पूनम शर्मा सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page