सरोरा को विकास की दोहरी सौगात, 1.60 करोड़ के मिनी स्टेडियम और नए आंगनबाड़ी भवन का शुभारंभ

ग्रामीण क्षेत्रों में खेल और बाल विकास की सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता : टंकराम वर्मा
रायपुर, 9 जुलाई। रायपुर जिले के तिल्दा विकासखंड के ग्राम पंचायत सरोरा में गुरुवार को विकास कार्यों की नई सौगात मिली। यहां 1.60 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मिनी स्टेडियम का भूमिपूजन तथा 11.86 लाख रुपये की लागत से निर्मित नए आंगनबाड़ी भवन का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में खेल, शिक्षा और बाल विकास की बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
मंत्री ने कहा कि नया आंगनबाड़ी भवन बच्चों को बेहतर पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराएगा, जबकि मिनी स्टेडियम बनने से ग्रामीण युवाओं को खेल प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर मंच मिलेगा और गांव में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।
कई विकास कार्यों की घोषणाएं
कार्यक्रम में मंत्री ने सरोरा में कक्षा पहली से बारहवीं तक स्वामी विवेकानंद स्कूल खोलने की घोषणा की। साथ ही अधूरे आईटीआई भवन का निर्माण जल्द पूरा कराने की बात कही, ताकि क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
इसके अलावा उन्होंने स्कूल मैदान में अहाता निर्माण के लिए 20 लाख रुपये, साइकिल स्टैंड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये, शेड निर्माण, बुंदेली गांव में स्कूल भवन के लिए 10 लाख रुपये, सरोरा स्कूल में वाटर कूलर, मुक्तिधाम शेड तथा बुंदेली में सामुदायिक भवन निर्माण की भी घोषणा की।
सड़क नेटवर्क होगा मजबूत
मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में सड़क संपर्क को मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार निवेश कर रही है। तिल्दा-सांकरा मार्ग और बलौदाबाजार-भाटापारा मार्ग के निर्माण के लिए 25-25 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा बलौदाबाजार-सिमगा मार्ग के लिए 50 करोड़ रुपये तथा पड़कीडीह मार्ग के लिए 35 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं, जिससे आवागमन और अधिक सुगम होगा।
जनकल्याणकारी योजनाओं का मिल रहा लाभ
टंकराम वर्मा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से गांवों में तेजी से बदलाव दिखाई दे रहा है। हर घर तक पेयजल, शौचालय, राशन कार्ड, उज्ज्वला गैस और पक्के मकान जैसी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। वहीं किसानों को धान का 3,100 रुपये प्रति क्विंटल मूल्य मिल रहा है और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों आवासों का निर्माण तेजी से जारी है।
सकारात्मक सोच से बदलती है जिंदगी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि व्यक्ति के विचार ही उसके जीवन की दिशा तय करते हैं। यदि सोच सकारात्मक होगी तो कार्य भी अच्छे होंगे और जीवन में सफलता निश्चित रूप से मिलेगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत रायपुर के अध्यक्ष, नगर पालिका तिल्दा-नेवरा की अध्यक्ष, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


