रेलवे ओवरब्रिज और अंडरब्रिज निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

लोक निर्माण विभाग के सचिव ने की उच्चस्तरीय समीक्षा, बेहतर समन्वय से लंबित कार्य जल्द शुरू करने पर जोर

रायपुर, 8 जुलाई 2026। प्रदेश में रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) और रेलवे अंडरब्रिज (आरयूबी) परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के उद्देश्य से लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में विभागीय एवं रेलवे अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक ली। बैठक में निर्माणाधीन तथा प्रस्तावित सभी परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने और आपसी समन्वय को मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए।
सचिव मुकेश कुमार बंसल ने कहा कि रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम से आम लोगों को राहत दिलाने तथा आवागमन को सुरक्षित, सुगम और तेज बनाने के लिए आरओबी एवं आरयूबी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना आवश्यक है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और रेलवे प्रशासन से कहा कि सभी लंबित मामलों का त्वरित निराकरण कर निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न होने दें।
बैठक में कार्यस्थलों पर आ रही विभिन्न बाधाओं की समीक्षा करते हुए सचिव ने अतिक्रमण हटाने, भू-अर्जन, भूमि व्यपवर्तन, नामांतरण तथा अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं का कार्य अभी प्रारंभ नहीं हो पाया है, उनकी सभी आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कर जल्द निर्माण शुरू कराया जाए।
समीक्षा के दौरान यूटिलिटी शिफ्टिंग के कार्यों में तेजी लाने पर भी विशेष जोर दिया गया। सचिव ने स्पष्ट कहा कि बिजली, पानी, दूरसंचार सहित अन्य उपयोगिताओं के स्थानांतरण में होने वाली देरी के कारण निर्माण कार्य प्रभावित नहीं होने चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर इन कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रस्तावित आरओबी और आरयूबी परियोजनाओं के प्राक्कलन तथा ड्राइंग-डिजाइन तैयार करने के लिए आवश्यक होने पर लोक निर्माण विभाग एवं रेलवे अधिकारियों द्वारा संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए, ताकि तकनीकी एवं प्रशासनिक समस्याओं का समय रहते समाधान किया जा सके।
मुकेश कुमार बंसल ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि सभी महत्वपूर्ण अधोसंरचना परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा में पूर्ण हों। इसके लिए उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं की नियमित निगरानी करने तथा प्रत्येक तीन माह में संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित कर प्रगति का मूल्यांकन करने के निर्देश दिए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे बिलासपुर के प्रधान मुख्य अभियंता अवनीश कुमार पाण्डेय, लोक निर्माण विभाग के अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, सेतु परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता एस.के. कोरी, अधीक्षण अभियंता डी.के. माहेश्वरी, दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे के मुख्य अभियंता मनोज कुमार सिंह, सीपीएम बिलासपुर राजीव कुमार, सीपीएम रायपुर तत्वदर्शी साहू सहित विभाग एवं रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

