पल्स पोलियो अभियान को लेकर नगर पंचायत गंडई में निकाली गई मुनादी, 28 जून को बूथों पर बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दवा
AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला प्रतिनिधि KCG
गंडई। आगामी 28 जून 2026 को आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन एवं शत-प्रतिशत बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए नगर पंचायत गंडई में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इसी क्रम में नगर के विभिन्न वार्डों एवं मोहल्लों में मुनादी कर नागरिकों को अभियान की जानकारी दी गई।
मुनादी के माध्यम से लोगों से अपील की गई कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को निर्धारित पोलियो बूथों पर लेकर अवश्य पहुंचें और उन्हें पोलियो रोधी दवा की दो बूंद जरूर पिलवाएं। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखना है।
स्वास्थ्य विभाग एवं नगर पंचायत की टीम ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि कोई भी बच्चा पोलियो की दवा पीने से वंचित न रहे। इसके लिए बूथों पर पर्याप्त व्यवस्था की गई है। साथ ही अभिभावकों से समय पर बूथ पहुंचकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान को सफल बनाने का आग्रह किया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि “दो बूंद जिंदगी की” केवल एक नारा नहीं, बल्कि बच्चों के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। अभियान को सफल बनाने के लिए नगर पंचायत, स्वास्थ्य विभाग एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संयुक्त रूप से सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।