G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

होटल, रेस्टोरेंट एवं कैफे में कबीरधाम पुलिस की सघन जांच, सीसीटीवी लगाने और पारदर्शिता बनाए रखने के दिए निर्देश

कवर्धा। कबीरधाम जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से कबीरधाम पुलिस द्वारा होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट एवं कैफे की लगातार जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक कबीरधाम  धर्मेंद्र सिंह (आईपीएस) के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह एवं  अमित पटेल के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में एसडीओपी कवर्धा आशीष शुक्ला एवं कोतवाली थाना प्रभारी श्री योगेश कश्यप के नेतृत्व में कवर्धा शहर के लालपुर रोड में विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट एवं कैफे का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता तथा संचालन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

जांच के दौरान संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उन्हें नियमित रूप से चालू अवस्था में रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही फुटेज को निर्धारित अवधि तक सुरक्षित रखने के लिए भी कहा गया, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में आवश्यक जानकारी तत्काल उपलब्ध हो सके।

निरीक्षण के दौरान होटलों में पर्दा लगाकर अलग-अलग कक्ष जैसा विभाजन (पार्टिशन) किया गया था, जिससे पारदर्शिता प्रभावित हो रही थी और अवांछित गतिविधियों की संभावना बनी हुई थी। कबीरधाम पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उक्त पर्दों को हटवाया गया तथा संचालको को भविष्य में इस प्रकार की व्यवस्था नहीं करने की सख्त हिदायत दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कैफे में ऐसी कोई व्यवस्था नहीं होनी चाहिए, जिससे किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों को बढ़ावा मिले। निरीक्षण के दौरान होटल, रेस्टोरेंट एवं कैफे संचालकों को आगंतुकों खासकर नाबालिगों के प्रति विशेष सतर्कता बरतने, किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा प्रतिष्ठान में स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

एसडीओपी आशीष शुक्ला ने बताया कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट एवं कैफे की नियमित जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी संचालकों को निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य है। नियमों के उल्लंघन अथवा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। कबीरधाम पुलिस द्वारा जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page