समय-सीमा की बैठक में एग्रीस्टैक, सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा
AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला प्रतिनिधि KCG
खैरागढ़ : कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक में एग्रीस्टैक पोर्टल, सीएम हेल्पलाइन, पीजी पोर्टल, नियाद नेल्लानार योजना, राजस्व प्रकरणों, कृषि, उद्यानिकी सहित विभिन्न विभागों के कार्यों एवं शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने, जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा आम जनता से जुड़े मामलों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन एवं पीजी पोर्टल के लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शिकायतों एवं आवेदनों का समय-सीमा के भीतर संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। एग्रीस्टैक पोर्टल की समीक्षा के दौरान किसानों के पंजीयन, फार्मर आईडी निर्माण एवं भूमि अभिलेखों के डिजिटलीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान विभिन्न न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने सभी तहसीलों में लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की सतत निगरानी पोर्टलों के माध्यम से की जा रही है, इसलिए सभी विभाग बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करें।
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि राज्य शासन द्वारा धान के स्थान पर दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी एवं कपास की खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है। कृषक उन्नति योजना के तहत धान के स्थान पर अन्य फसल लेने वाले किसानों को 15 हजार रुपये प्रति एकड़ की प्रोत्साहन राशि तथा पूर्व से इन फसलों की खेती करने वाले किसानों को 10 हजार रुपये प्रति एकड़ की आदान सहायता राशि दी जाएगी। साथ ही दलहन, तिलहन एवं कोदो फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी भी की जाएगी। उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान पाम खेती की प्रगति की जानकारी ली गई तथा किसानों को उद्यानिकी फसलों के प्रति प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में नियाद नेल्लानार योजना के अंतर्गत संचालित हितग्राहीमूलक योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को ग्रामों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र उच्च कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों एवं विकास कार्यों की समीक्षा कर जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने कहा गया।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर एवं सुमन राज सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
