भाजपा ने किया अपने संस्थापक डॉ. मुखर्जी का बलिदान दिवस पर पुण्य स्मरण

रायपुर। भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर शिक्षाविद और राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर मंगलवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर उनके छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर प्रदेश कोषाध्यक्ष श्रीराम गर्ग व छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह उपस्थित रहे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने जगदलपुर में डॉ. मुखर्जी जी के बलिदान दिवस पर उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय सहित पदाधिकारीगण एवं कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने इस मौके पर कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देश की अखण्डता और कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाए रखने के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। उन्होंने नारा दिया था— एक देश में दो निशान, दो विधान और दो प्रधान नहीं चलेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कश्मीर से धारा 370 हटाकर डॉ. मुखर्जी के उस अधूरे सपने और संकल्प को पूरा किया गया है। श्री देव ने कहा कि डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने राजनीति को सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का साधन माना। स्वतंत्रता के समय देश के विभाजन के संकट के दौरान बंगाल के हिंदुओं की रक्षा और पश्चिम बंगाल को भारत का हिस्सा बनाए रखने में उनकी भूमिका ऐतिहासिक थी।
प्रदेश भाजपा कार्यालय (कुशाभाऊ ठाकरे परिसर) स्थित “स्मृति मंदिर” में डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती संस्मरण पक्ष कार्यक्रम प्रभारी नंदन जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा, प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक मितुल कोठारी, प्रदेश आईटी सेल संयोजक सुनील पिल्लई सहित प्रदेश पदधिकारियों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।


