पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त कल जारी
AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार
खैरागढ़ : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना के अंतर्गत 20 जून 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर से आयोजित कार्यक्रम के दौरान देशभर के पात्र किसानों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 23वीं किस्त की राशि जारी करेंगे।
इस अवसर पर जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के 63,228 पात्र किसानों के बैंक खातों में कुल 12.64 करोड़ रुपये की राशि सीधे अंतरित की जाएगी। इस राशि से किसानों को कृषि कार्यों, बीज, उर्वरक तथा अन्य आवश्यक कृषि आदानों की व्यवस्था करने में सहायता मिलेगी।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र कृषक परिवारों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की वित्तीय सहायता तीन समान किस्तों में प्रदान की जाती है। प्रत्येक किस्त में 2,000 रुपये की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में जमा की जाती है।
उप संचालक कृषि राजकुमार सोलंकी ने किसानों से अपील की है कि वे अपने बैंक खातों को आधार से लिंक कराएं तथा ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूर्ण रखें, ताकि योजना का लाभ बिना किसी बाधा के प्राप्त होता रहे।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करने तथा कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। जिले के 63 हजार से अधिक किसानों को मिलने वाली 12.64 करोड़ रुपये की राशि उनकी आर्थिक स्थिति को और मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध होगी।

