सिगरेट की एक कश से शुरू होती है बर्बादी की कहानी : कविता ताम्रकार

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार छत्तीसगढ़
दुर्ग । सामाजिक कार्यकर्ता कविता ताम्रकार ने युवाओं और आम नागरिकों से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि सिगरेट की शुरुआत अक्सर सिर्फ एक जिज्ञासा या दोस्तों के दबाव में होती है, लेकिन धीरे-धीरे यही आदत व्यक्ति के स्वास्थ्य, आर्थिक स्थिति और पूरे परिवार के लिए गंभीर संकट बन जाती है।
कविता ताम्रकार ने कहा कि शुरुआत में लोगों को लगता है कि एक-दो कश से कोई नुकसान नहीं होगा, लेकिन समय के साथ यह लत में बदल जाती है। निकोटीन की लत व्यक्ति को मानसिक और शारीरिक रूप से कमजोर करती है, जिससे खांसी, सांस लेने में तकलीफ, फेफड़ों की क्षमता में कमी, हृदय रोग और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
उन्होंने कहा कि नशे की वजह से केवल स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति भी प्रभावित होती है। इलाज पर भारी खर्च, कार्यक्षमता में कमी और मानसिक तनाव व्यक्ति के जीवन को मुश्किल बना देते हैं। इसलिए युवाओं को शुरुआत से ही सिगरेट और अन्य नशीले पदार्थों से दूरी बनाकर रखनी चाहिए।
कविता ताम्रकार ने अभिभावकों, शिक्षकों और समाज से भी अपील की कि वे बच्चों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लगातार जागरूक करें तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि “आज लिया गया नशा मुक्त जीवन का संकल्प आने वाले कल को सुरक्षित और स्वस्थ बना सकता है।”



