अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को होगा जिला स्तरीय आयोजन
AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो KCG
खैरागढ़ :
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 को जिला मुख्यालय खैरागढ़ स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट कन्या शाला परिसर में जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। ‘‘स्वस्थ आयु के लिए योग’’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के लिए विधायक ललित चंद्राकर को मुख्य अतिथि नामित किया गया है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों की सहभागिता रहेगी।
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन में कार्यक्रम की तैयारियां पूर्ण की जा रही हैं। आयोजन के सुचारु संचालन के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल को नोडल अधिकारी तथा सहायक संचालक समाज कल्याण कमलेश पटेल को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही बैठक व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, स्वच्छता, यातायात, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न विभागों को दायित्व सौंपे गए हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों द्वारा सामान्य योग प्रोटोकॉल के अनुरूप योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का सामूहिक अभ्यास कराया जाएगा। योग के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली के महत्व को रेखांकित करते हुए नागरिकों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने जिले के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं आम नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागी बनने की अपील की है। प्रशासन का मानना है कि योग भारतीय ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जो स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

