18 से 20 जून तक जिले में होंगे वृहद पंजीकरण शिविर
AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार KCG
खैरागढ़ : केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘‘विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’’ अभियान अंतर्गत जिले में 18 से 20 जून 2026 तक वृहद पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल द्वारा जारी संशोधित आदेश के अनुसार जिले में दो शिविर स्थलों का निर्धारण करते हुए उनके लिए नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय परिसर, खैरागढ़ में आयोजित होने वाले शिविर में जनपद पंचायत खैरागढ़ की समस्त ग्राम पंचायतों तथा नगर पालिका परिषद खैरागढ़ के सभी वार्डों के नागरिक शामिल होंगे। इस शिविर के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) खैरागढ़ टंकेश्वर साहू को नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं जनपद पंचायत खैरागढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु गुप्ता तथा नगर पालिका परिषद खैरागढ़ के मुख्य नगरपालिका अधिकारी पुनीत वर्मा को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
इसी प्रकार सामुदायिक भवन, लकड़ी टॉल के पास, छुईखदान में आयोजित होने वाले शिविर में जनपद पंचायत छुईखदान की समस्त ग्राम पंचायतों, नगर पंचायत छुईखदान के सभी वार्डों तथा नगर पंचायत गंडई के सभी वार्डों के नागरिकों को शामिल किया जाएगा। इस शिविर के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) गंडई-छुईखदान अविनाश ठाकुर को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उनके सहयोग हेतु जनपद पंचायत छुईखदान की मुख्य कार्यपालन अधिकारी केश्वरी देवांगन, नगर पंचायत छुईखदान की मुख्य नगरपालिका अधिकारी कुलदीप झा तथा नगर पंचायत गंडई के मुख्य नगरपालिका अधिकारी अविनाश देवांगन को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शिविरों में केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों का पंजीयन, आवेदन, दस्तावेजों में त्रुटि सुधार, शिकायतों का निराकरण तथा योजनाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहकर आम नागरिकों की समस्याओं का निराकरण करेंगे तथा उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग प्रदान करेंगे।
कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल ने सभी संबंधित अधिकारियों को शिविरों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि जिले के अधिक से अधिक नागरिक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
