खरीफ सीजन के लिए समितियों में खाद-बीज का पर्याप्त भंडारण, किसानों को मिल रही समय पर उपलब्धता
AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो KCG
खैरागढ़ : खरीफ सीजन 2026-27 को ध्यान में रखते हुए जिले में किसानों के लिए खाद एवं बीज की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव अंतर्गत संचालित सहकारी समितियों में रासायनिक उर्वरकों एवं धान बीज का लगातार भंडारण किया जा रहा है, जिससे किसानों को कृषि कार्यों के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिले के सेवा सहकारी समितियों में अब तक 18,138.62 टन रासायनिक उर्वरकों का भंडारण किया जा चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का 61.48 प्रतिशत है। वहीं किसानों को 12,204.14 टन खाद का वितरण भी किया जा चुका है, जो कुल भंडारित मात्रा का 67.43 प्रतिशत है।
इसी प्रकार धान बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए समितियों में 4,740.60 क्विंटल धान बीज का भंडारण किया गया है, जबकि किसानों को 3,433.50 क्विंटल बीज का वितरण किया जा चुका है। कृषि विभाग की अनुशंसा एवं प्रति एकड़ उर्वरक उपयोग की वैज्ञानिक सिफारिशों के अनुरूप किसानों को खाद उपलब्ध कराई जा रही है।
जिले में खेती-किसानी की तैयारियां तेजी से चल रही हैं तथा किसानों की मांग के अनुसार समितियों में खाद का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने के लिए लगातार आरओ-डीडी जारी किए जा रहे हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को खाद एवं बीज की उपलब्धता में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त भंडारण भी कराया जाएगा।


