G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhKCGखास-खबर

ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस बैग से ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला KCG

खैरागढ़ : जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (VHSND) बैग का वितरण किया गया। कलेक्टर एवं जिला स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य सेवाओं के मैदानी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में इस पहल को महत्वपूर्ण बताया गया।

जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और गुणवत्ता सुधार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस गतिविधियों को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए VHSND बैग स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को उपलब्ध कराए गए हैं। इन बैगों के माध्यम से आवश्यक स्वास्थ्य सामग्री एक ही स्थान पर सुव्यवस्थित रूप से उपलब्ध रहेगी, जिससे सेवाओं के संचालन में आसानी होगी।

यूनिसेफ के तकनीकी सहयोग से तैयार किए गए विशेष बैग

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने निर्देश दिए कि जिले की कोई भी गर्भवती महिला और कोई भी शिशु स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने, उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने पर जोर दिया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा ने बताया कि यूनिसेफ के तकनीकी सहयोग से तैयार किए गए इन बैगों में दवाइयां, जांच किट, अभिलेख संधारण सामग्री, सूचना-शिक्षा-संचार (आईईसी) पुस्तिकाएं तथा अन्य आवश्यक संसाधन सुव्यवस्थित रूप से रखे जा सकेंगे। बैग में रक्तचाप मापक यंत्र, फेटल डॉप्लर, ग्लूकोमीटर, हीमोग्लोबिनोमीटर, वजन मापन उपकरण, ऊंचाई मापने का टेप सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच सामग्रियों के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं।

डॉ. शर्मा ने बताया कि गर्भवती माताओं, शिशुओं, किशोरियों एवं किशोरों के स्वास्थ्य परीक्षण, पोषण आकलन, परामर्श, टीकाकरण तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संचालन के लिए आवश्यक सामग्री इसी बैग में उपलब्ध रहेगी। इससे ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस का आयोजन अधिक सुव्यवस्थित होगा तथा समुदाय को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में सहायता मिलेगी।

कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम नोडल अधिकारी, सभी विकासखंड चिकित्सा अधिकारी, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक, विकासखंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी, प्रभारी चिकित्सक, मितानिन समन्वयक एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। उपस्थित अधिकारियों ने इसे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच, गुणवत्ता और प्रभावशीलता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि जिले में जन-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए ऐसे नवाचार आगे भी जारी रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page