19.35 लाख के रिटर्निंग वॉल निर्माण में फर्जीवाड़े का आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की जांच की मांग

कवर्धा। जनपद पंचायत पंडरिया अंतर्गत ग्राम पंचायत अमली मालगी के ग्रामीणों ने रिटर्निंग वॉल निर्माण कार्य में भारी अनियमितता और फर्जीवाड़े का आरोप लगाते हुए कलेक्टर कबीरधाम को स्मरण पत्र सौंपकर मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि 19.35 लाख रुपए की लागत से निर्मित रिटर्निंग वॉल के निर्माण में सरपंच और सचिव द्वारा गंभीर अनियमितताएं की गई हैं। आवेदन में कहा गया है कि निर्माण कार्य में मजदूरों के स्थान पर जेसीबी मशीन से खुदाई कराई गई, जबकि फर्जी मास्टर रोल तैयार कर ग्रामीणों के नाम पर राशि निकाली गई।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि रिटर्निंग वॉल की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं बनाई गई है। पूर्व में बने रिटर्निंग वॉल के ऊपर ही नई दीवार खड़ी कर दी गई है। साथ ही निर्माण के दौरान बनाई गई पचरी की गुणवत्ता भी बेहद खराब है और उसका छड़ बाहर दिखाई देने लगा है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि इस संबंध में लगभग एक माह पूर्व कार्यक्रम अधिकारी पंडरिया को मौखिक रूप से अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की गई और निर्माण कार्य को पूर्ण दिखाने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग की है। स्मरण पत्र की प्रति मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कबीरधाम को भी प्रेषित की गई है।



