बालोद में शिक्षा व्यवस्था पर ‘आप’ का हमला: परिणामों से खुली पोल, पत्रकारों के दमन का आरोप

बालोद में शिक्षा व्यवस्था पर ‘आप’ का हमला: परिणामों से खुली पोल, पत्रकारों के दमन का आरोप
बालोद, 1 मई 2026। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणामों में बालोद जिले के निराशाजनक प्रदर्शन को लेकर आम आदमी पार्टी ने शासन-प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। जिले से एक भी छात्र का प्रावीण्य सूची में स्थान न बना पाना शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयुक्त सचिव दीपक आरदे ने बयान जारी कर इसे “शैक्षणिक आपातकाल” बताया। उन्होंने कहा कि 10वीं में 2520 और 12वीं में 819 विद्यार्थियों का अनुत्तीर्ण होना शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली की विफलता को दर्शाता है।
दीपक आरदे ने आरोप लगाया कि जिले के पत्रकार लगातार शिक्षा व्यवस्था की खामियों—शिक्षकों की कमी, बुनियादी सुविधाओं के अभाव और विभागीय लापरवाही—को उजागर करते रहे, लेकिन सुधार के बजाय प्रशासन ने उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों पर निराधार आरोप लगाकर उन्हें चुप कराने की कोशिश की गई, जिसका खामियाजा आज विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि अब समीक्षा की बात करना केवल औपचारिकता है। सवाल यह है कि जिन छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ, उसकी भरपाई कैसे होगी।
आम आदमी पार्टी ने मांग की है कि जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि शिक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और पत्रकारों के खिलाफ कार्रवाई बंद नहीं हुई, तो इसे जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा।


