G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

देवांगन समाज ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला मंडल का किया सम्मान

कवर्धा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार 8 मार्च को शाम 5 बजे देवांगन सामाजिक भवन, परमेश्वरी मंदिर प्रांगण सकरहा घाट में जिला देवांगन समाज कबीरधाम द्वारा महिला देवांगन मंडल कवर्धा का सम्मान किया गया। कार्यक्रम जिला देवांगन समाज के अध्यक्ष नरेंद्र देवांगन के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें महिला मंडल की सक्रिय भूमिका और समाज के प्रति उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव रमेश देवांगन ने किया। उन्होंने बताया कि महिला संगठन पहले केवल कागजी रूप में संचालित होता था, लेकिन इस वर्ष महिलाओं ने संगठन को सशक्त बनाते हुए परमेश्वरी महोत्सव और परमेश्वरी पुराण के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महिलाओं ने घर-घर जाकर समाज के लोगों को महोत्सव और पुराण के आयोजन से जोड़ा, जिसके कारण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इसी उत्साह और सक्रियता को देखते हुए जिला देवांगन समाज ने महिला दिवस के अवसर पर महिला मंडल का सम्मान करने का निर्णय लिया।
मंच संचालन के दौरान रमेश देवांगन ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व और समाज की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि युवा देवांगन समाज का गठन वर्ष 1994 में हुआ था, जिसके माध्यम से समाज के उत्थान के लिए कई कार्य किए गए। वर्तमान में जिस स्थान पर कार्यक्रम आयोजित हुआ, उसे भी संगठन के प्रयासों से समाज के लिए आरक्षित कराया गया था। वहीं वर्ष 2003 में जिला देवांगन समाज के गठन के बाद पूरे जिले में भ्रमण कर बिखरे हुए समाज को एक सूत्र में जोड़ने का प्रयास किया गया। उन्होंने बताया कि हाल ही में भोजली तालाब स्थित 30 लाख रुपए की लागत से निर्मित समाज भवन का लोकार्पण कराया गया है, जबकि 8 लाख रुपए का कार्य अभी प्रगति पर है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष नरेंद्र देवांगन ने महिला संगठन को बधाई देते हुए उनके कार्यों की सराहना की और भविष्य में भी संगठित होकर समाज के विकास के लिए कार्य करने का आह्वान किया। इस दौरान महिला सचिव सुनीता अशोक देवांगन, सुनीता श्यामलाल और युवा अध्यक्ष लोकनाथ देवांगन ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के अंत में शिवकांति देवांगन ने आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जिला संरक्षक नंदकिशोर देवांगन, महेश देवांगन, अशोक देवांगन, ब्रह्मानंद देवांगन, रामकुमार देवांगन, हीरालाल देवांगन सहित श्रीमती गिरिजा, इंदिरा, नागेश्वरी, चमेली, रानी गोलू, फेकनबाई, कुमारी बाई, कविता, टीकम, उषा, पुन्नी बाई, श्यामाबाई, सरस्वती, रानी ब्रह्मानंद, रेशमा, पुनीता, रानी राजू, महेश्वरी, सीताबाई, ममता देवांगन सहित बड़ी संख्या में नगर देवांगन समाज और महिला मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page