रेल मदद ऐप से 4 माह में 580 यात्रियों को मिली चिकित्सा सहायता, रायपुर मंडल ने जारी की अपील

रायपुर | दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल ने रेल मदद (RailMadad) प्लेटफॉर्म के माध्यम से यात्रियों को 24 घंटे त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का दावा किया है। मंडल के अनुसार, 1 अप्रैल से 31 जुलाई 2026 के बीच 580 चिकित्सा सहायता संबंधी मामलों का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया।

रेलवे के आंकड़ों के मुताबिक इनमें 553 मामले ट्रेनों में यात्रा कर रहे यात्रियों से जुड़े थे, जबकि 27 मामलों में रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। वहीं, वर्ष 2025-26 में कुल 1,129 मामलों का समाधान किया गया था।
रेलवे ने बताया कि यात्रा के दौरान किसी यात्री की तबीयत बिगड़ने पर रेल मदद के जरिए सूचना मिलते ही वाणिज्य विभाग, चिकित्सा विभाग, स्टेशन प्रबंधन और कंट्रोल कार्यालय की टीम समन्वय बनाकर संबंधित स्टेशन पर डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, दवाइयों और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था करती है।
हाल के मामलों में 20 अप्रैल को ट्रेन 12145 में यात्रा कर रहे एक यात्री को पीलिया और लगातार उल्टी की शिकायत पर रायपुर स्टेशन में तत्काल उपचार उपलब्ध कराया गया। 9 अप्रैल को ट्रेन 12856 में महिला यात्री के लिए सेनिटरी पैड की व्यवस्था की गई। वहीं, हृदय सर्जरी करा चुके चार माह के शिशु और तेज बुखार से पीड़ित पांच वर्षीय बच्ची को भी समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान चिकित्सा, सुरक्षा या अन्य किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होने पर RailMadad ऐप, RailMadad पोर्टल या रेलवे हेल्पलाइन 139 का उपयोग करें। शिकायत दर्ज होते ही संबंधित विभागों के समन्वय से त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाती है।


