रिमझिम फुहारों के बीच 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आगाज

540 खिलाड़ी दिखाएंगे खेल प्रतिभा, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने किया शुभारंभ

पेण्ड्रा। रिमझिम बारिश के बीच फिजिकल कॉलेज मैदान पेण्ड्रा में मंगलवार को 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने ध्वजारोहण कर 18 से 21 अगस्त तक चलने वाली चार दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। समारोह में पांचों संभागों से पहुंचे 540 खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्चपास्ट किया।
प्रतियोगिता में रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा संभाग के 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। चार खेल विधाओं—जिम्नास्टिक, कबड्डी, क्रिकेट और ताइक्वांडो में खिलाड़ी अपना दमखम दिखाएंगे।

खेल भावना और अनुशासन की दिलाई शपथ
उद्घाटन अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने खिलाड़ियों को खेल नियमों का पालन करते हुए अनुशासन, निष्ठा और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि खेल में या तो जीत मिलती है या सीख। खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और संघर्ष की भावना विकसित करने का जरिया भी है।
उन्होंने खिलाड़ियों से तनाव और अवसाद से मुक्त होकर पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

रंग-बिरंगी पोशाकों में मार्चपास्ट ने बांधा समां
उद्घाटन समारोह में पांचों संभागों के खिलाड़ियों ने अलग-अलग रंगों की आकर्षक पोशाकों में अनुशासित मार्चपास्ट किया। खिलाड़ियों के जोश और उमंग से मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। स्कूली छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता की झलक दिखाई।
मंच के लिए 15 लाख रुपए की घोषणा
कार्यक्रम में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। फिजिकल कॉलेज मैदान में भविष्य में खेल एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए बड़े मंच के निर्माण की घोषणा की गई। सांसद सह केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने 10 लाख रुपए और विधायक अटल श्रीवास्तव ने 5 लाख रुपए, यानी कुल 15 लाख रुपए देने की घोषणा की।
चार स्थानों पर होंगी स्पर्धाएं
जिम्नास्टिक की स्पर्धाएं गुरुकुल गौरेला के जिम्नास्टिक हॉल, क्रिकेट फिजिकल कॉलेज मैदान गुरुकुल पेण्ड्रा, ताइक्वांडो जनपद सभागार पेण्ड्रा और कबड्डी की स्पर्धाएं कबड्डी प्रशिक्षण केंद्र पेण्ड्रा में आयोजित की जा रही हैं।
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए आयोजन से जुड़े अधिकारियों को खिलाड़ियों की सुविधा, सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, नगर पालिका अध्यक्ष पेण्ड्रा राकेश जालान, नगर पालिका अध्यक्ष गौरेला मुकेश दुबे, पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी, जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।
