विकास योजनाओं में तेजी लाएं, निर्माण कार्य समय-सीमा में पूरे हों : तोखन साहू

दिशा समिति की बैठक में आजीविका, आवास, सड़क, सिंचाई, स्वच्छता और पोषण योजनाओं की समीक्षा
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। सांसद बिलासपुर एवं केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक लेकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने और निर्माणाधीन कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
महिलाओं की आय बढ़ाने पर जोर
ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान मंत्री ने स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने को कहा। स्थानीय संसाधनों के आधार पर कार्ययोजना बनाकर महिलाओं की आय बढ़ाने पर जोर दिया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अधूरे मकानों को शीघ्र पूरा कराने तथा हितग्राहियों को आवश्यक सहयोग देने के निर्देश दिए गए। पीएम जनमन योजना के तहत बन रही सड़कों की बाधाओं को विभागीय समन्वय से दूर कर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने को कहा गया।
विष्णुभोग चावल की बनेगी अलग पहचान
मंत्री ने जिले में जैविक खेती को बढ़ावा देने के साथ विष्णुभोग धान-चावल की उत्पादकता, प्रसंस्करण और बेहतर मार्केटिंग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पाद की पहचान मजबूत होने से किसानों को बेहतर आय मिल सकेगी।
स्वच्छता के तहत नगरीय क्षेत्रों में नियमित कचरा संग्रहण और सफाई व्यवस्था मजबूत करने तथा स्वच्छता सर्वेक्षण की वास्तविक जानकारी पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
सिंचाई और स्वास्थ्य पर फोकस
जल निकायों की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण को प्राथमिकता देकर सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया गया। पशुओं के टीकाकरण, कुपोषण दूर करने, टीबी उन्मूलन और मलेरिया नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जिले में सभी पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
लंबित राजस्व प्रकरण जल्द निपटाएं
मंत्री साहू ने सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त राजस्व संबंधी आवेदनों का उल्लेख करते हुए नक्शा-बटांकन, सीमांकन, नामांतरण और त्रुटि सुधार सहित लंबित मामलों का शत-प्रतिशत निराकरण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न की नियमित आपूर्ति, स्कूलों में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति और मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था की नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए। बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम बेहतर बनाने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा।
46 हजार से अधिक आवास पूर्ण
बैठक में बताया गया कि पीएम आवास योजना के तहत जिले में अब तक 46,151 आवास पूर्ण हो चुके हैं। पीएम जनमन योजना के तहत स्वीकृत 1,080 आवासों में से 865 पूर्ण किए जा चुके हैं। सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत 36,924 हितग्राही पेंशन का लाभ ले रहे हैं।
वीबी-जी रामजी योजना के तहत जिले में 64,174 जॉबकार्डधारी परिवार पंजीकृत हैं और वर्ष 2026-27 में अब तक 9.96 लाख मानव दिवस का सृजन किया जा चुका है। बिहान समूह से जुड़ी 18,148 महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
53 हजार हेक्टेयर में खरीफ बोनी
कृषि विभाग के अनुसार खरीफ 2026 में 58,693 हेक्टेयर के लक्ष्य के विरुद्ध 53,099 हेक्टेयर में बोनी पूरी हो चुकी है। जिले में 839 आंगनबाड़ी केंद्रों में 23,993 बच्चे दर्ज हैं और बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को पूरक पोषण आहार दिया जा रहा है।
69 हजार से ज्यादा घरों में पहुंचा नल का पानी
आयुष्मान भारत के तहत जिले में 3,16,675 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। जल जीवन मिशन के तहत 563 स्वीकृत योजनाओं में 245 पूर्ण हो चुकी हैं। 84,901 घरों के लक्ष्य के मुकाबले 69,808 घरों में नल कनेक्शन दिए जा चुके हैं, जिनमें 55,800 कनेक्शन क्रियाशील हैं।
बैठक में विधायक कोटा अटल श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, नगर पालिका अध्यक्ष गौरेला मुकेश दुबे, नगर पालिका अध्यक्ष पेण्ड्रा राकेश जालान, जनपद पंचायत अध्यक्षों सहित जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

